सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुरुक्षेत्र

Kurukshetra News:डीडी काॅलोनी में दिखा मगरमच्छ, लोगों में दहशत – Crocodile Spotted In Dd Colony; Panic Among Residents

November 16, 2026


कुरुक्षेत्र। आबादी के नजदीक नाले में करीब 12 से 13 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से डीडी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नरकातारी रोड स्थित कॉलोनी के पास नाले में मगरमच्छ पिछले कई दिनों से नजर आ रहा है। स्थानीय लोग इसे दिन में पानी से बाहर निकलकर किनारे धूप सेंकते हुए भी देख रहे हैं। वन्य जीव विभाग मंगलवार को मगरमच्छ को रेस्क्यू करने के लिए ट्रैप लगाएगा।

सोमवार को मगरमच्छ दिखाई देने पर लोगों ने गोताखोर प्रगट सिंह और स्नेक मैन गुलशन को इसकी सूचना दी। प्रगट सिंह ने वन्य जीव विभाग के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। विभाग की ओर से मंगलवार को इसे पकड़ने की तैयारी की जा रही है।

गोताखोर प्रगट सिंह के अनुसार, नाला घास-फूस, झाड़ियों और कबाड़ से अटा पड़ा है। ऐसे में मगरमच्छ की तलाश करना आसान नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि नाले में मगरमच्छ का जोड़ा भी हो सकता है। उनका कहना है कि यह नाला भाखड़ा-नरवाना ब्रांच और एसवाईएल नहर के पास जाता है। नहर के आसपास अक्सर मगरमच्छ पानी में दिखाई देते हैं। संभव है कि इसी नाले के रास्ते मगरमच्छ आबादी के नजदीक पहुंचा हो। प्रगट सिंह ने मगरमच्छ की लंबाई करीब 13 फीट और वजन लगभग एक क्विंटल होने की संभावना जताई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मगरमच्छ कई दिनों से दिन में पानी से बाहर निकलकर नाले की पटरी पर धूप सेंकता दिखाई देता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों में लगातार डर बना हुआ है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X