बड़वानी जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला सोमवार को अपने पति के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी चौंगड़े के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि करीब दो महीने पहले सेंधवा के दावल बेड़ी निवासी मयंक राठौड़ उसके घर पहुंचा था। उसने प्रेम संबंधों की बातें कर महिला को विश्वास में लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
ये भी पढ़ें- विदिशा दुष्कर्म केस: पुलिस पर सवाल उठने के बाद आरोपी गिरफ्तार, एनएचआरसी ने डीजीपी-गृह सचिव को थमाया नोटिस
महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे किसी को भी इसकी जानकारी नहीं देने के लिए कहा था। डर के चलते उसने उस समय किसी को घटना के बारे में नहीं बताया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष का बेटा है आरोपी
पुलिस ने मयंक पिता गणेश राठौड़ के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। नामजद आरोपी गणेश राठौड़ का बेटा है, जो भाजपा में जिला उपाध्यक्ष हैं। मयंक भाजपा युवा मोर्चा में नगर महामंत्री के पद पर है। ग्रामीण थाना पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं, शिकायतकर्ता महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।