बुलंदशहर। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ आंखों से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। बदलते मौसम, धूल और धुएं के संपर्क से लोगों को जलन, खुजली और एलर्जी हो रही है। मोबाइल-लैपटॉप के लंबे उपयोग से ड्राई आई की समस्या भी परेशान कर रही है। जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 100 से 150 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को 126 मरीजों ने नेत्र रोग विशेषज्ञों से परामर्श लिया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तेज सिंह ने बताया कि ठंडी और शुष्क हवा आंखों की नमी कम करती है। इससे सूखापन, जलन और खुजली की समस्या बढ़ जाती है। धूल और धुएं से एलर्जी की शिकायतें भी बढ़ती हैं। मोबाइल-लैपटॉप के अधिक उपयोग से पलकें कम झपकती हैं, जिससे आंखों में सूखापन आता है। पहले ओपीडी में प्रतिदिन 100 से कम मरीज आते थे।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके झा ने ठंड में आंखों की विशेष देखभाल पर जोर दिया। ओपीडी में जलन, एलर्जी और ड्राई आई के मरीज आ रहे हैं। मरीजों को जांच के बाद आवश्यक परामर्श और दवाएं दी जा रही हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि चिकित्सालय में आंखों की दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। ये दवाएं मरीजों को निशुल्क वितरित की जा रही हैं। सोमवार को वसीम, कासिम और सोहम ने आंखों में जलन की शिकायत पर चिकित्सकों से परामर्श लिया।