वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। सोमवार को परीक्षा नियंत्रक डॉ विनोद कुमार सिंह की ओर से जारी नए कार्यक्रम के अनुसार स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होंगी। इसमें बीए, बीएससी, बीकॉम के प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर के साथ ही एमए, एमएससी और एमकॉम के सातवें एवं नौवें सेमेस्टर की परीक्षाएं शामिल हैं।
स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह आठ से दस बजे तक, तृतीय सेमेस्टर की सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर दो से शाम चार बजे तक आयोजित होंगी। वहीं स्नातकोत्तर सातवें सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह आठ से दस बजे तथा नौवें सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर दो से शाम चार बजे तक निर्धारित की गई हैं।
कार्यक्रम के अनुसार बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलेंगी। तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 20 नवंबर से शुरू होंगी। वहीं पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाओं का आगाज भी 20 नवंबर से होगा। स्नातकोत्तर सातवें और नौवें सेमेस्टर की परीक्षाएं भी इसी दिन से शुरू होंगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप में बताया गया है कि पूर्व में निर्गत परीक्षा समय-सारिणी में आवश्यक संशोधन करते हुए नई समय-सारिणी जारी की गई है। संशोधित कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।