मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kaushambi News:कौशाम्बी के दो सितारों पर 22.25 लाख की बोली… अब देश के सबसे बड़े टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में दिखाएंगे दम – Two Stars From Kaushambi Bid For 22.25 Lakh Rupees… Now They Will Show Their Strength In The Country’s Biggest Tennis Ball Cricket Tournament
कौशांबी

Kaushambi News:कौशाम्बी के दो सितारों पर 22.25 लाख की बोली… अब देश के सबसे बड़े टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में दिखाएंगे दम – Two Stars From Kaushambi Bid For 22.25 Lakh Rupees… Now They Will Show Their Strength In The Country’s Biggest Tennis Ball Cricket Tournament

November 17, 2026


डायट के कंकड़ वाले मैदान पर पसीना बहाकर क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले कौशाम्बी के दो होनहार खिलाड़ी अब देश के सबसे बड़े टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना दम दिखाएंगे। जिले के लविश कौशल और जैद खान का इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) के चौथे सीजन के लिए चयन हुआ है।

मुंबई में हुई नीलामी में लविश को श्रीनगर के वीर फ्रेंचाइजी ने 17 लाख रुपये और जैद को बेंगलुरु स्ट्राइकर्स ने 5.25 लाख रुपये में खरीदा है। दोनों खिलाड़ियों पर कुल 22.25 लाख रुपये की बोली लगने से जिले में खुशी की लहर है।

गली-मोहल्लों में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलकर अपनी प्रतिभा निखारने वाले दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और युवा क्रिकेट खिलाड़ियों में उत्साह है।

ऑलराउंडर लविश पर लगी 17 लाख की बोली

पश्चिम शरीरा निवासी लविश कौशल ने ऑलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उनके प्रदर्शन को देखते हुए बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फ्रेंचाइजी श्रीनगर के वीर ने उन पर 17 लाख रुपये की बोली लगाई। लविश ने अपनी सफलता का श्रेय मां उर्मिला कौशल और पिता त्रिमोहन कौशल को दिया है। उनका कहना है कि माता-पिता ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

गेंदबाजी के दम पर जैद ने बनाई पहचान

जिले के दूसरे खिलाड़ी मंझनपुर के महावा गांव निवासी जैद खान को अभिनेता ऋतिक रोशन की फ्रेंचाइजी बेंगलुरु स्ट्राइकर्स ने 5.25 लाख रुपये में खरीदा है। जैद गेंदबाज के रूप में टीम को अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मां रेशमा बेगम और पिता लईक खान को दिया है। जैद के मुताबिक, परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच सके हैं।

गली क्रिकेट की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) टेनिस बॉल क्रिकेट का टी-10 प्रारूप वाला राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट है। इसका उद्देश्य गली-मोहल्लों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। लीग के चौथे सीजन के लिए 15 नवंबर को मुंबई में खिलाड़ियों की नीलामी हुई। इसमें आठ फ्रेंचाइजी टीमों ने खिलाड़ियों को खरीदा। प्रत्येक टीम को 18 खिलाड़ियों का दल तैयार करने के लिए 1.50 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। कौशाम्बी के दोनों खिलाड़ियों का चयन जिले के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच क्रिकेट में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रहे हैं।

लविश कौशल

लविश कौशल

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X