Mandi News:मंडी डिपो से हटेंगी 61 पुरानी बसें, 25 नवंबर से प्रक्रिया शुरू – 61 Old Buses To Be Removed From Mandi Depot; Process Begins On November 25
मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के मंडी डिपो से पुरानी और कंडम बसों का काफिला हटाया जाएगा। डिपो की 61 बसें ऐसी हैं, जो 10 से 15 साल पुरानी हो चुकी हैं और अब अनुपयोगी घोषित की जा चुकी हैं। इन बसों को हटाने के लिए 25 नवंबर से प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए निगम की ओर से गठित कमेटी डिपो परिसर में पहुंचकर बसों का निरीक्षण करेगी और निर्धारित औपचारिकताएं पूरी कर आगामी कार्रवाई करेगी।
लंबे समय से डिपो परिसर में खड़ी इन बसों के कारण काफी जगह घिरी हुई है। कई बसें लंबे अरसे से इस्तेमाल में नहीं हैं और खुले में खड़े रहने के कारण जंग खा रही हैं। इनका संचालन संभव नहीं होने के कारण अब इन्हें हटाने की तैयारी की जा रही है। निगम की ओर से निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसों के निस्तारण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक उत्तम चंद ने बताया कि 25 नवंबर से 61 पुरानी बसों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ये बसें लंबे समय से डिपो में खड़ी हैं। कमेटी निर्धारित प्रक्रिया के तहत निरीक्षण और आगामी कार्रवाई करेगी।
