मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:शादी समारोह में विवाद के बाद अंधाधुंध फायरिंग, दो मासूम भाइयों को लगी गोली, पांच साल के बच्चे की मौत – Wedding Ceremony Firing Five Years Old Boy Murder One Injured Madhepura Bihar Police Investigation
कोसी

बिहार:शादी समारोह में विवाद के बाद अंधाधुंध फायरिंग, दो मासूम भाइयों को लगी गोली, पांच साल के बच्चे की मौत – Wedding Ceremony Firing Five Years Old Boy Murder One Injured Madhepura Bihar Police Investigation

November 17, 2026


बिहार के मधेपुरा में शादी समारोह के बाद हुए विवाद ने दो मासूम बच्चों की जान खतरे में डाल दी। सोमवार रात एक युवक ने कथित तौर पर देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। इसमें दो सगे भाइयों को गोली लग गई। हादसे में 5 साल के सरफराज की मौत हो गई, जबकि उसका 3 साल का भाई अली हुसैन गंभीर रूप से घायल है। दोनों बच्चे अपने पिता के साथ ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। घटना बिहारीगंज थाना क्षेत्र की जौतेली पंचायत के गुलाब टोला स्थित वार्ड नंबर 12 की है।

शादी की रस्में पूरी होने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सोमवार को गुलाब टोला निवासी मो. बिजल की बेटी की शादी थी। बारात चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगान से आई थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई हो गई। इसके बाद घर के लोग आपस में बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के शेख इस्लाम का बेटा मो. औरंगजेब आलम देसी कट्टा लेकर वहां पहुंचा और फायरिंग करने लगा। बताया जा रहा है कि बारात के दौरान भी आरोपी बारातियों को हथियार दिखाकर डरा रहा था। उस समय लोगों ने उसे समझाकर वहां से हटा दिया था।

सुबह बच्चों के पिता से भी हुआ था विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार सुबह आरोपी का बच्चों के पिता के साथ भी विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में आरोपी ने रात में नशे की हालत में दोनों मासूम भाइयों पर गोली चला दी। फायरिंग में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी के नशे का आदी होने की बात भी कही है।

रास्ते में 5 साल के सरफराज ने तोड़ा दम

गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मधेपुरा रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में 5 साल के सरफराज की मौत हो गई। वहीं, उसके 3 वर्षीय भाई अली हुसैन की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के रोशनगंज निवासी मो. सोनाजीर के बेटे मो. सरफराज (5) के रूप में हुई है। घायल बच्चे का नाम मो. अली हुसैन (3) है।

एक बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया, दूसरे की हालत गंभीर

जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अंजनी कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों को गोली लगी थी। इनमें से एक बच्चे को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दूसरे की हालत भी चिंताजनक थी। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी मामले की छानबीन जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X