Bijnor News:बिजनौर विधानसभा में बढ़ी दावेदारों की भीड़, टिकट की दौड़ में महिलाएं भी आगे – Number Of Contenders Grows In Bijnor Assembly Constituency; Women Also At The Forefront In The Race For A Ticket
– भाजपा और रालोद से जुड़ी महिला नेत्रियों ने ठोकी ताल, होर्डिंग और जनसंपर्क के जरिए मजबूत कर रहीं दावेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर जिले की सियासत में सरगर्मी तेज होने लगी है। चुनाव में अभी भले ही समय हो, लेकिन राजनीतिक दलों के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिजनौर विधानसभा सीट पर टिकट के दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि इस बार पुरुषों के साथ महिला नेत्रियां भी चुनावी मैदान में उतरने के लिए खुलकर दावेदारी पेश कर रही हैं।
बिजनौर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक सुचि मौसम चौधरी मजबूती से चुनाव लड़ने में सक्रिय है। इसके अलावा नगर पालिका परिषद बिजनौर की चेयरपर्सन इंदिरा सिंह ने भी चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इंदिरा सिंह ने होर्डिंग लगवाकर अपनी दावेदारी को सार्वजनिक किया है। वहीं डॉ. मंजू चौधरी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. तेजपाल वर्मा की पुत्रवधू मीनाक्षी ने भी होर्डिंग के माध्यम से चुनावी दावेदारी पेश की है। रालोद से महिला दावेदारों में पूनम चौधरी का नाम भी चर्चा में है।
महिला दावेदारों के अलावा पुरुष नेताओं ने भी टिकट के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व युवा जिलाध्यक्ष रंजीत चौधरी और भाजपा नेता प्रिंस चौधरी, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह सहित कई नाम शामिल हैं। वहीं रालोद की ओर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. नीरज चौधरी भी अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय हैं।
होर्डिंग से लेकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क तक सक्रियता
संभावित प्रत्याशी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कई दावेदारों ने शहर और विधानसभा क्षेत्र में होर्डिंग लगवाकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वहीं कुछ महिला नेत्रियां गांवों और मोहल्लों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर लोगों के बीच अपनी पैठ बनाने में जुटी हैं।
सभी नेता अपने अपने क्षेत्रों में दावेदारी कर रहे हैं। टिकट के लिए अपना आवेदन भी किया है। टिकट पर निर्णय पार्टी हाईकमान को लेना है।
-भूपेंद्र चौहान बॉबी, जिलाध्यक्ष भाजपा
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बिजनौर सदर सीट पर भाजपा की प्रत्याशी सुचि चौधरी ने 97,165 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। रालोद के प्रत्याशी नीरज चौधरी को 95,720 वोट मिले थे। दोनों के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा और सूचि चौधरी ने 1,445 वोटों से जीत हासिल की थी। बसपा की प्रत्याशी रुचि वीरा 52,035 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रही थीं। एआईएमआईएम के मुनीर अहमद को 2,290 वोट मिले। आजाद समाज पार्टी के मामून उल हक को 500 और आम आदमी पार्टी के विनीत को 399 वोट मिले थे।
