Roorkee News:रास्ते में खराब हुई रोडवेज बस, 30 यात्री परेशान – Roadways Bus Breaks Down En Route; 30 Passengers Left Stranded
रामपुर चुंगी के पास आई तकनीकी खराबी, आधे घंटे बाद दूसरी बस से देहरादून भेजे गए यात्री
कुछ यात्रियों ने वापस लिया आगे का किराया, रुड़की डिपो की कार्यशाला में लाई गई खराब बस
शहर डिपो की एक रोडवेज बस सोमवार शाम रास्ते में खराब हो गई। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। अचानक बस में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। बस के बीच रास्ते में खड़े हो जाने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने की चिंता सताने लगी। बाद में यात्रियों को दूसरी बस से देहरादून के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, रुड़की डिपो की बस सोमवार शाम देहरादून के लिए जा रही थी। इसी दौरान रामपुर चुंगी के पास बस में अचानक खराबी आ गई। चालक ने बस को किसी तरह रुड़की स्थित रोडवेज परिसर की कार्यशाला तक पहुंचाया। इस बीच बस में सवार यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
कुछ यात्रियों ने अपना आगे का किराया वापस ले लिया और दूसरी बसों से सफर शुरू कर दिया जबकि शेष यात्रियों को करीब आधे घंटे के इंतजार के बाद दूसरी रोडवेज बस उपलब्ध कराई गई। इसके बाद सभी यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। रुड़की डिपो की सहायक महाप्रबंधक अमिता सैनी का कहना है कि देहरादून जाते समय एक बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। बस को वापस रुड़की परिसर में लाया गया। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए भेजने की व्यवस्था की गई थी।
