मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जोधपुर दुष्कर्म केस:आसाराम की उम्रकैद पर सुप्रीम कोर्ट में चार जनवरी के बाद होगी सुनवाई – Asaram Appeal Jodhpur Case Supreme Court Hearing After Winter Break
जोधपुर

जोधपुर दुष्कर्म केस:आसाराम की उम्रकैद पर सुप्रीम कोर्ट में चार जनवरी के बाद होगी सुनवाई – Asaram Appeal Jodhpur Case Supreme Court Hearing After Winter Break

November 17, 2026


दुष्कर्म के अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे स्वयंभू धर्मगुरु आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। शीर्ष अदालत ने राजस्थान के जोधपुर दुष्कर्म मामले में दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखने के हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई सर्दियों की छुट्टियों के बाद करने की बात कही है। अदालत ने यह भी दर्ज किया कि पैरोल की अवधि 26 अक्तूबर को समाप्त होने के बाद आसाराम ने संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

चार जनवरी को खुलेगा सुप्रीम कोर्ट

मंगलवार को न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ आसाराम की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने कहा, “हम सर्दियों की छुट्टियों के तुरंत बाद इस मामले की सुनवाई करेंगे।” सुप्रीम कोर्ट सर्दियों की छुट्टियों के बाद चार जनवरी को दोबारा खुलेगा।

पीठ ने यह भी ध्यान दिलाया कि वर्ष 2013 के गांधीनगर दुष्कर्म मामले में अपनी दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील गुजरात हाईकोर्ट में अब भी लंबित है।

बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत की मांग भी खारिज हुई थी

इससे पहले 14 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया था, जिसमें उन्हें बीमार पत्नी से मिलने जाने के लिए जमानत देने से मना कर दिया गया था।

आसाराम को जोधपुर और गांधीनगर में दर्ज अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। शीर्ष अदालत ने पहले रजिस्ट्री को राजस्थान की निचली अदालत से मामले के रिकॉर्ड मंगाने का निर्देश दिया था। इसमें डिजिटल और कागजी, दोनों तरह के रिकॉर्ड शामिल हैं। इन रिकॉर्ड की एक-एक प्रति याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और पीड़िता को उपलब्ध कराने को भी कहा गया था।

गुजरात के आश्रम में शिष्या से दुष्कर्म के मामले में भी उम्रकैद

गुजरात के गांधीनगर में दर्ज मामले में निचली अदालत ने वर्ष 2023 में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आरोप था कि उसने वर्ष 2001 से 2006 के बीच अहमदाबाद स्थित अपने आश्रम में एक शिष्या के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। इस मामले में प्राथमिकी वर्ष 2013 में दर्ज कराई गई थी। दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील गुजरात हाईकोर्ट में लंबित है।

राजस्थान हाईकोर्ट ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों से किया था बरी

राजस्थान के जोधपुर मामले में हाईकोर्ट ने 27 मई को आसाराम की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। हालांकि, अदालत ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और पॉक्सो एक्ट के तहत लगाए गए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों से उन्हें बरी कर दिया था।

हाईकोर्ट ने आईपीसी की धारा 376(डी) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(जी)/6 के तहत लगे आरोपों से आसाराम को बरी किया था। इसके साथ ही आपराधिक साजिश से जुड़ी आईपीसी की धारा 120बी के तहत भी उन्हें आरोपमुक्त कर दिया था।

2018 में नाबालिग छात्रा से यौन उत्पीड़न का दोषी ठहराया गया था

राजस्थान की निचली अदालत ने 25 अप्रैल 2018 को आसाराम को अपने आश्रम में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न का दोषी ठहराया था। अदालत ने आईपीसी, पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसी दोषसिद्धि और सजा को राजस्थान हाईकोर्ट ने 27 मई को बरकरार रखा था, जिसे अब आसाराम ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X