साइबर ठगी के शिकार मंझनपुर निवासी युवक को कौशाम्बी पुलिस ने राहत दिलाई है। साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 98 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए।
पुलिस के अनुसार, मंझनपुर निवासी राहुल अग्रहरि का मोबाइल फोन हैक कर 25 अगस्त 2025 को यूपीआई के माध्यम से 3,97,900 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में जनपदीय साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से सोमवार को 98 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और लालच में नहीं आने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने को कहा है।