मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
चित्तौड़गढ़:कीर्ति स्तंभ को मिलेगा नया निखार, वैज्ञानिक तरीके से शुरू हुई सफाई, तीन महीने चलेगा संरक्षण कार्य – Chittorgarh: Scientific Conservation Of Historic Kirti Stambh Begins, Cleaning Work To Continue For 3 Months
चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़:कीर्ति स्तंभ को मिलेगा नया निखार, वैज्ञानिक तरीके से शुरू हुई सफाई, तीन महीने चलेगा संरक्षण कार्य – Chittorgarh: Scientific Conservation Of Historic Kirti Stambh Begins, Cleaning Work To Continue For 3 Months

November 17, 2026


Chittorgarh: Scientific Conservation of Historic Kirti Stambh Begins, Cleaning Work to Continue for 3 Months

ऐतिहासिक कीर्ति स्तंभ का वैज्ञानिक संरक्षण कार्य शुरू

विस्तार

चित्तौड़गढ़ दुर्ग में स्थित ऐतिहासिक कीर्ति स्तंभ का संरक्षण कार्य वैज्ञानिक तरीके से शुरू हो गया है। जयपुर मुख्यालय से आई पुरातत्व विभाग की विज्ञान शाखा की टीम स्तंभ के सदियों पुराने पत्थरों को संवारने में जुटी है। लगभग ढाई से तीन महीने तक चलने वाले इस विशेष संरक्षण अभियान का मकसद स्तंभ की बाहरी सतह पर जमा सदियों पुरानी गंदगी, काले-भूरे धब्बों और बंदरों की गंदगी से बने पैच को हटाना है। पुरातत्व विभाग हर 15 से 20 वर्ष में आवश्यकतानुसार इस प्रकार की वैज्ञानिक सफाई और संरक्षण प्रक्रिया अपनाता है।

वैज्ञानिक सफाई से पत्थरों का संरक्षण

कीर्ति स्तंभ के मूल स्वरूप में कोई बदलाव किए बिना इसकी बाहरी सतह की रासायनिक सफाई की जा रही है। इस कार्य के लिए विशेषज्ञों की टीम माइल्ड सॉल्वेंट और विशेष रसायनों का इस्तेमाल कर रही है, जिससे पत्थरों को नुकसान पहुंचे बिना उन पर जमी परत उतर सके। ऐतिहासिक धरोहर के पत्थरों पर बंदरों के यूरिन और मौसम की मार के कारण बने गहरे पैच को हटाकर पूरे स्तंभ को एक समान रूप देने का प्रयास जारी है। इस सावधानीपूर्वक की जाने वाली प्रक्रिया से स्मारक की प्राकृतिक सुंदरता वापस लौट रही है।

ये भी पढ़ें: सवाई माधोपुर: सरपंच की कुर्सी के लिए 43 उम्मीदवार मैदान में, सुरवाल में छापना पड़ा साढ़े सात फीट का बैलेट पेपर

पत्थरों की उम्र बढ़ाने की कवायद

पुरातत्व विभाग के अनुसार इस संरक्षण कार्य का प्राथमिक लक्ष्य ऐतिहासिक पत्थरों के स्वाभाविक क्षरण की गति को धीमा करना है। समय के साथ पत्थरों की सतह पर जमने वाली गंदगी और रासायनिक तत्व धीरे-धीरे संरचना को कमजोर बनाते हैं। यदि समय पर वैज्ञानिक रखरखाव न हो, तो पत्थरों में धीरे-धीरे खराबी आने लगती है। नियमित देखरेख से पत्थरों की मजबूती बनी रहती है और उनकी उम्र बढ़ती है। यह प्रक्रिया केवल बाहरी सुंदरता निखारने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्मारक को सुरक्षित रखने की तकनीकी पहल है।

तीन महीने में पूरा होगा कार्य

संरक्षण टीम पूरी प्रक्रिया को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार अंजाम दे रही है। यह काम लगभग ढाई से तीन महीने की अवधि में पूरा होगा। विभाग ने इस कार्य से जुड़े वित्तीय बजट का खुलासा नहीं किया है, क्योंकि इस तरह की गतिविधियों के लिए केवल तकनीकी अनुमान तैयार किए जाते हैं। सफाई और संरक्षण का कार्य पूरा होने के बाद कीर्ति स्तंभ की बाहरी सतह पहले से अधिक साफ, एक समान और सुरक्षित दिखाई देगी। इसके साथ ही पत्थरों के खराब होने की प्रक्रिया भी काफी धीमी हो जाएगी, जिससे चित्तौड़गढ़ दुर्ग की इस धरोहर को लंबे समय तक संजोकर रखा जा सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X