Hamirpur (himachal) News:पास देने के विवाद में शिक्षिका की स्कूटी गिराई – Teacher’s Scooter Knocked Over Following A Dispute Over Giving Way
पीछा करते हुए स्कूल तक पहुंचा कार चालक, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। सड़क पर पास देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते-ही-देखते इतना बढ़ गया कि एक शिक्षिका को कथित तौर पर पीछा किए जाने और उसकी स्कूटी गिराने का सामना करना पड़ा। मामला भोरंज थाना क्षेत्र के बगवाड़ा का है। आरोप है कि व्यक्ति कथित तौर पर शिक्षिका के स्कूल तक भी पहुंच गया। पुलिस को दी शिकायत में शिक्षिका मोना ने बताया कि वह स्कूटी पर सवार होकर अपने घर जा रही थी। इसी दौरान एक कार चालक वहां पहुंचा।
सड़क पर पास देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते-ही-देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान कार चालक ने शिक्षिका की स्कूटी गिरा दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि इसके बाद भी उसने शिक्षिका का पीछा करना जारी रखा और उसके स्कूल तक पहुंच गया। आरोपी व्यक्ति भी एक स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद शिक्षिका ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। एसपी बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
