घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज स्थित सेंट मेरी कॉलेज के सामने मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा तीन के नौ वर्षीय छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर मिलते ही विद्यालय और आसपास अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित परिजनों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विद्यालय में पथराव और तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। घटना को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
मृतक की पहचान मोहम्मद यजदान (9) पुत्र मुस्तकीम आलम निवासी चक घनश्यामदास के रूप में हुई है। मुस्तकीम गांव में ही ईंट-भट्ठा चलाते हैं। यजदान तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार सुबह विद्यालय पहुंचने में महज तीन मिनट की देरी होने पर उसे गेट से ही लौटा दिया गया। इसके बाद वह अकेले घर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद 26506 खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 8:50 से 9:05 बजे तक घटनास्थल पर खड़ी रही। इसके चलते पीछे से आ रही कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। घटना की जानकारी मिलने पर छात्र के परिजन, अन्य अभिभावक और स्थानीय लोग विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पथराव और तोड़फोड़ के दौरान विद्यालय में मौजूद बच्चे सहम गए। बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराकर स्थिति नियंत्रित की।