मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:एड एजेंसी संचालक के घर 25 लाख की चोरी, बाउंड्री फांदकर घुसे थे चोर; छठ मनाने गया था परिवार – Theft Incident At Add Agency Owner Flat Suspicion Arises After Failure To Access Cctv
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:एड एजेंसी संचालक के घर 25 लाख की चोरी, बाउंड्री फांदकर घुसे थे चोर; छठ मनाने गया था परिवार – Theft Incident At Add Agency Owner Flat Suspicion Arises After Failure To Access Cctv

November 17, 2026


मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के कच्ची-पक्की ओपी अंतर्गत दीघरा गांव स्थित एक सोसायटी में चोरों ने एड एजेंसी संचालक के बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर से 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित गृहस्वामी और एड एजेंसी संचालक प्रतीक कुमार ने पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद सोसायटी के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया है।

पीड़ित प्रतीक कुमार ने बताया कि वह छठ पूजा मनाने के लिए शनिवार को घर बंद कर अपने पैतृक गांव सीतामढ़ी गए थे। मंगलवार को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा और अलमारी टूटी हुई है। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब 25 लाख रुपये के सामान गायब हैं।

उन्होंने बताया कि घर लौटने से पहले मोबाइल से कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे का एक्सेस लेने की कोशिश की थी, लेकिन कैमरा काम नहीं कर रहा था। इसके बाद उन्होंने सोसायटी के गार्ड को फोन कर जानकारी दी। गार्ड ने मौके पर पहुंचकर देखा तो घर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। बाद में प्रतीक कुमार ने घर पहुंचकर ताला खोला तो अंदर सामान बिखरा मिला।

पढ़ें: श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश की कमान, किन्हें-क्या जिम्मेदारी मिली जानिए?

प्रतीक कुमार के अनुसार, सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में तीन से चार संदिग्ध बाउंड्री फांदकर अंदर आते और पीछे के रास्ते से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, फुटेज में किसी का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा है।

इस मामले में कच्ची-पक्की ओपी प्रभारी कुमारी पुष्पा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं, लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हैं। संदिग्धों के भागने की दिशा में जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X