मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर बुशहर

Rampur Bushahar News:रिश्ता-मिश्ता पेयजल योजना के बार-बार बंद होने से चार पंचायतों के ग्रामीण परेशान – Acute Drinking Water Problem In Karana, Kungash, Binan, And Karana Panchayats

November 17, 2026


कराणा, कुंगश, बिनन और कराणा-1 पंचायतों में गहराई पेयजल की समस्या

ग्रामीणों ने विभाग से स्थायी समाधान की उठाई मांग

संवाद न्यूज एजेंसी

आनी (कुल्लू)। आनी विकास खंड की चार पंचायतों के ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से संचालित रिश्ता-मिश्ता उठाऊ पेयजल योजना इन दिनों अनियमित संचालन के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। योजना के बार-बार बंद होने और बीच-बीच में ही संचालित होने से ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है। खासकर, उन परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जो पूरी तरह इसी योजना से होने वाली पेयजल आपूर्ति पर निर्भर हैं। स्थानीय ग्रामीणों रमेश, हरीश, जीआर भारद्वाज और पप्पू कुमार ने बताया कि रिश्ता-मिश्ता उठाऊ पेयजल योजना से कराणा-1, कराणा, कुंगश और बिनन पंचायतों के ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध करवाया जाता है, लेकिन पिछले काफी समय से योजना नियमित रूप से नहीं चल रही है। कभी कुछ समय के लिए पानी की आपूर्ति शुरू होती है, तो थोड़ी देर बाद फिर बंद हो जाती है। इस कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कराणा गांव के जोगनीधार लाइन से जुड़े कई परिवार पूरी तरह इसी पेयजल योजना पर निर्भर हैं। योजना के अनियमित संचालन के कारण इन परिवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को पेयजल की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए बार-बार इस तरह की समस्या का सामना करना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि रिश्ता-मिश्ता उठाऊ पेयजल योजना में आ रही तकनीकी खामियों को जल्द दूर किया जाए। साथ ही योजना के सुचारु संचालन के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि चारों पंचायतों के लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने विभाग से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है।

दो से तीन दिनों में दूर होगी तकनीकी खराबी

रिश्ता-मिश्ता उठाऊ पेयजल योजना में कुछ तकनीकी खराबी आने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। आगामी दो से तीन दिनों के भीतर तकनीकी समस्या को दूर कर योजना को सुचारु रूप से संचालित करने का प्रयास किया जाएगा। – कृष्ण शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X