मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
संभल

Sambhal News:संभल-गजरौला रेल लाइन की मांग तेज – Demand For Sambhal-gajraula Rail Line Intensifies

November 17, 2026


संभल। संभल-गजरौला रेललाइन की मांग को लेकर मंगलवार को व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शंकर कॉलेज चौराहे पर एकत्र होकर नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से संभल को रेल मार्ग से जोड़ने और आगामी रेल बजट में परियोजना को शामिल करने की मांग उठाई।

मंगलवार को शाम चार बजे सैयद जमीलुर्रहमान की अध्यक्षता में प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि संभल की रेल लाइन की मांग दशकों पुरानी है लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। संभल जिला बनने के बाद भी यहां के लोगों को रेल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। रेल लाइन नहीं होने के कारण संभल विकास की दौड़ में पिछड़ रहा है। यहां के गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों को यात्रा के लिए अधिक समय और पैसा खर्च करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संभल को दिल्ली से रेल मार्ग के जरिये जोड़ने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। साथ ही यात्रियों के आवागमन के अलावा माल परिवहन की सुविधा भी बेहतर होगी। वक्ताओं ने बताया कि संभल शहर की आबादी लगभग 12 लाख है, जबकि आसपास के कई कस्बों की आबादी कम होने के बावजूद वहां रेल सुविधा उपलब्ध है।

व्यापारियों ने सरकार से आगामी रेल बजट में संभल-गजरौला रेल लाइन के विस्तार और निर्माण के लिए प्रस्ताव शामिल करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो समिति धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी। मुकेश कुमार, अनंत अग्रवाल व अरविंद प्रजापति आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X