नवाबगंज। अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा को लेकर मंगलवार को कटरा शिवदयालगंज से नए घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। वाहनों की आवाजाही रोककर मार्ग को केवल पैदल परिक्रमार्थियों के लिए खोल दिया गया। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिला, पुरुष और बच्चे हाथों में सामान लेकर जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए अयोध्या की ओर बढ़ते नजर आए। पूरा मार्ग रामनाम के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी वाहनों को डायवर्ट करने के साथ परिक्रमार्थियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। बस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहनों को कटरा से किशुनदासपुर मार्ग होते हुए गोंडा की ओर से लखनऊ भेजा जा रहा है।
गोंडा से अयोध्या जाने वाले छोटे वाहनों को नवाबगंज के कोल्ड स्टोरेज तिराहे से ढेमवाघाट मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है। सीओ डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि ढेमवाघाट पर पीपा पुल चालू करा दिया गया है, जिससे वाहनों का आवागमन सुचारु रखा जा सके। गोंडा, बलरामपुर और बहराइच से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं। परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों को मुस्तैद किया गया है।