ग्वालियर:रिश्तेदार ने ही बैंककर्मी बनकर ठग लिए तीन लाख, कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज – Gwalior Relative Poses As Bank Employee Cheats Woman Of 3 Lakh Court Orders Case
November 17, 2026

फ्रॉड।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी का फायदा उठाकर तीन लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस स्टेशन और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कार्रवाई न होने के बाद अदालत के हस्तक्षेप पर पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज किया है। आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर महिला के खाते से पूरी रकम निकाली और दबाव बनाने पर उसे 1.20 लाख रुपये की फर्जी एफडीआर थमा दी।
रिश्तेदार ने बैंककर्मी बनकर की ठगी
पुरानी छावनी क्षेत्र के स्टोन पार्क फ्रूट मंडी के सामने स्थित शिव नगर निवासी 33 वर्षीय भगवती प्रजापति का इंडियन ओवरसीज बैंक में बचत खाता है। लश्कर के शिंदे की छावनी निवासी सोनू प्रजापति रिश्ते में उनका मामा का दामाद लगता है। आरोपी पिछले करीब तीन साल से पीड़िता के घर आता-जाता था। आरोपी ने खुद को इंडियन ओवरसीज बैंक का कर्मचारी बताया और महिला को झांसे में लिया कि वह उसके रुपयों की सावधि जमा (एफडी) करवा देगा। आरोपी हर महीने घर आकर बैंक की पर्चियों पर हस्ताक्षर करवा लेता था। इस तरह उसने पीड़िता के खाते से कुल तीन लाख रुपये निकाल लिए।
ये भी पढ़ें- निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया को हाईकोर्ट से झटका, एफआईआर रद्द करने की याचिका खारिज
बैंक पहुंचने पर खुली फर्जीवाड़े की पोल
पीड़िता जब भी एफडी के दस्तावेज मांगती, आरोपी बहाने बनाकर टालमटोल करता रहा। लगभग एक साल बाद पीड़िता द्वारा रुपये वापस मांगने और सख्ती दिखाने पर उसने 1.20 लाख रुपये की एक एफडीआर लाकर दी। आरोपी ने शेष 1.80 लाख रुपये की एफडी जल्द देने का वादा किया। पीड़िता 30 सितंबर 2025 को जब एफडी की राशि का भुगतान कराने के लिए बैंक पहुंची, तो कर्मचारियों ने जांच के बाद बताया कि यह एफडीआर पूरी तरह फर्जी और कूटरचित है। बैंक ने ऐसी कोई एफडी जारी ही नहीं की थी। ठगी का पता चलने पर जब महिला ने आरोपी सोनू प्रजापति से बात की, तो उसने अभद्रता की और रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया।
अदालत के आदेश पर मामला दर्ज
पीड़िता ने मामले की शिकायत स्थानीय थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ग्वालियर की अदालत में परिवाद दायर किया। न्यायालय ने मामले पर सुनवाई के बाद पुरानी छावनी थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच के निर्देश दिए। अदालत के आदेश के पालन में पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी सोनू प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
