बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hisar News:हाई पावर की मंजूरी के इंतजार में आम आदमी की सवारी – Aam Aadmi’s Ride Awaits Approval From The Higher Power
हिसार

Hisar News:हाई पावर की मंजूरी के इंतजार में आम आदमी की सवारी – Aam Aadmi’s Ride Awaits Approval From The Higher Power

November 17, 2026


हिसार। टायरों की किल्लत ने रोडवेज की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। स्थिति यह है कि 28 बसें वर्कशॉप में खड़ी हैं। ऐसे में लोकल रूट पर परिवहन व्यवस्था चरमराने लगी है। यात्री निजी वाहनों में महंगा सफर के लिए मजबूर हैं।

अधिकारियों को भी यह जानकारी नहीं है कि मुख्यालय से नए टायरों की आपूर्ति कब तक होगी। रोडवेज यूनियन भी लगातार नए टायर उपलब्ध करवाने की मांग उठा रही है। विभाग का तर्क है कि हाई पावर परचेज कमेटी की मंजूरी नहीं मिलने के कारण टेंडर प्रक्रिया अटकी हुई है। इसके चलते आम आदमी की सवारी यानी रोडवेज बसों के लिए नए टायरों की खरीद नहीं हो पा रही है।

रोडवेज मुख्यालय की ओर से सभी डिपो को टायर उपलब्ध करवाए जाते हैं। इसके लिए एक साल का टेंडर जारी किया जाता है। इस बार फरवरी में टेंडर की अवधि समाप्त हो गई थी।

नई बसों से उतारकर पुरानी बसों में लगाए टायर

टायरों की कमी दूर करने के लिए अधिकारी दूसरी बार नई बसों से टायर उतारकर पुरानी बसों में लगा रहे हैं। इस बार करीब 20 से 25 टायर लाए गए हैं। इससे पहले भी इसी तरह नई बसों के टायर पुरानी बसों में इस्तेमाल किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, पिछले दिनों हिसार डिपो को नई बसें मिली थीं। इनकी बॉडी तैयार होने और पासिंग की प्रक्रिया में एक से दो महीने लगेंगे। ऐसे में फिलहाल इनके टायर पुरानी बसों में लगाए जा रहे हैं ताकि बसों का संचालन प्रभावित न हो। एक नई बस के साथ सात टायर आते हैं।

लोकल रूटों पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी

टायरों की कमी से सबसे ज्यादा असर लोकल रूट पर पड़ा है। कई बसें वर्कशॉप में खड़ी होने के कारण ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों में बसों की उपलब्धता कम हो गई है। ऐसे में यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं टायरों की आपूर्ति और नए टेंडर को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

——————

ये रूट हुए प्रभावित

बालसमंद-भादरा

अग्रोहा-आदमपुर-भादरा

बगला-काबरेल-आदमपुर

हिसार से उकलाना (वाया अग्रोहा मोड़)

अग्रोहा से बरवाला

हिसार से भूना (वाया पाबड़ा)

हिसार से उचाना (वाया बरवाला)

मिर्जापुर-धान्सू-घिराय

डाबड़ा-लाडवा-तोशाम

—————

टायरों की कमी के कारण स्थिति निंरतर बिगड़ रही है लेकिन अधिकारी इस तरह आंखें मूंदकर बैठे हुए हैं। आम जनता इस कारण से परेशान हो रही है। मुख्यालय जल्द से जल्द से नया टेंडर कर डिपो को टायर उपलब्ध करवाए।

पवन कनोह, डिपो प्रधान, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन

————————–

कुछ टायरों का इंतजाम किया गया है। इन टायरों के आने से थोड़ी राहत मिलेगी। इनकी मदद से कुछ बसों को संचालन किया जा सकेगा। अभी इसकी जानकारी नहीं है कि नए टायर कब आएंगे। -प्रीतम सिवाच, यातायात प्रबंधक, हिसार डिपो, रोडवेज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X