बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:जन्मदिन समारोह के बहाने द्रंग भाजपा में सियासी हलचल – Political Stir Within Drang Bjp Under The Pretext Of A Birthday Celebration

November 18, 2026


युवा नेतृत्व को मौका देने की अंदरखाते पैरवी

क्षेत्रीय संतुलन और भविष्य की रणनीति पर वरिष्ठ नेताओं ने किया मंथन

संवाद न्यूज एजेंसी

पधर (मंडी)। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम इलाके बधोणी धार में भाजपा परिवहन प्रकोष्ठ के सह संयोजक संजय ठाकुर के जन्मदिन समारोह ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की कई घंटे तक चली बैठक ने सियासी हलचल और तेज कर दी। बताया जा रहा है कि बैठक में क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, नेतृत्व के सवाल और आगामी चुनावों को लेकर गहन मंथन हुआ।

सूत्रों के अनुसार बैठक में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के भौगोलिक और क्षेत्रीय संतुलन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। निचले क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और सक्रियता का हवाला देते हुए वहां से युवा नेतृत्व को आगे लाने की पैरवी की। चर्चा के दौरान ऐसे युवा और पुराने भाजपाई चेहरे को अवसर देने की बात भी उठी, जो लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम हो।

बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए सर्वमान्य चेहरे पर सहमति बनाने के संकेत दिए। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया कि विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा और संगठन का हर कार्यकर्ता उस फैसले को स्वीकार करेगा। समारोह में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और निर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान मेहमानों के लिए पारंपरिक मंडयाली धाम का भी आयोजन किया गया।

फिलहाल संजय ठाकुर के जन्मदिन समारोह के बाद द्रंग भाजपा में युवा नेतृत्व को अवसर देने और क्षेत्रीय संतुलन साधने को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ऐसे में इस आयोजन को महज जन्मदिन समारोह के बजाय द्रंग भाजपा की भावी राजनीतिक दिशा के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X