Chamba News:ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था पर प्रधानों की आपत्ति – Principals Object To The Online Attendance System
सलूणी (चंबा)। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्रामीण रोजगार कार्यों में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने की व्यवस्था को लेकर सलूणी ब्लॉक के पंचायत प्रधानों ने आपत्ति जताई है। मजदूरों की हाजिरी लगाने का अधिकार केवल संबंधित वार्ड मेंबर तक सीमित रखने पर प्रधान यूनियन ने नाराजगी जाहिर की है। इस संबंध में यूनियन ने खंड विकास अधिकारी को संयुक्त ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में बदलाव की मांग की है।
प्रधानों का कहना है कि सलूणी विकास खंड की भौगोलिक परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हैं। कई पंचायतों में एक ही वार्ड के गांवों के बीच काफी दूरी है, जबकि अनेक गांव सड़क सुविधा से भी वंचित हैं। ऐसे में हर बार वार्ड मेंबर का कार्यस्थल पर पहुंचकर मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी लगाना संभव नहीं हो पाता। इससे रोजगार कार्यों के संचालन और मजदूरों की उपस्थिति दर्ज करने में दिक्कतें आ सकती हैं। यूनियन ने मांग की है कि संबंधित वार्ड मेंबर के साथ पंचायत की ओर से अधिकृत मेट को भी अटेंडेंस एप की आईडी उपलब्ध करवाई जाए। जिससे जरूरत पड़ने पर मजदूरों की हाजिरी दर्ज करने में परेशानी न हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में यूनियन अध्यक्ष अख्तर मागरा, उपाध्यक्ष मलिक, देश राज, तेज राम, सुलेमान, अजय कुमार, तिलक राज, सुमन ठाकुर, केहर सिंह, सुरेंद्र कुमार और प्रेम लाल शामिल रहे। प्रधानों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो ब्लॉक की पंचायतों के प्रधान सामूहिक धरना-प्रदर्शन करेंगे।
