बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Udhampur News:डीआईजी ने शिवखोड़ी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों का जायजा लिया – Jammu Kashmir News
उधमपुर

Udhampur News:डीआईजी ने शिवखोड़ी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों का जायजा लिया – Jammu Kashmir News

November 18, 2026


पौनी। डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज स्वर्ण सिंह कोतवाल ने एसएसपी रियासी मुकुंद तिबरेवाल के साथ टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर रनसू में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शिवखोड़ी यात्रा मार्ग की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों का जायजा लेना था। बैठक में सीआरपीएफ, थल सेना, सीआईडी, सुरक्षा, इंटेलिजेंस ब्यूरो, शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के प्रबंधक, डीएसबी और जिला पुलिस रियासी के वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान रनसू, शिवखोड़ी और पौनी में तैनात पुलिस, एसओजी और सीआरपीएफ जवानों की तैनाती रणनीति और परिचालन तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीआईजी ने शिव खोड़ी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों की तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने किसी भी उभरती सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए प्रभावी तालमेल, खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा बैठक के बाद डीआईजी ने कई रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों का जमीनी निरीक्षण किया। इनमें एक्स-रे बैग स्कैनिंग प्वाइंट, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड, यात्रा पर्ची काउंटर, कांदा मोड़ और झंडी मोड़ शामिल रहे। उन्होंने ग्राउंड पर तैनात अधिकारियों और जवानों को सतर्कता बनाए रखने, निगरानी बढ़ाने और सभी संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीआईजी ने पवित्र शिवखोड़ी गुफा मंदिर के दर्शन किए, पुलिस पोस्ट शिव खोड़ी के बुनियादी ढांचे व कामकाज का जायजा लिया और हेलीपैड की स्थिति तथा परिचालन तैयारियों का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के प्रबंधक को पवित्र गुफा तक जाने वाले मार्ग की सीमा पर उचित बाड़ लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हित प्रवेश बिंदुओं पर समर्पित सुरक्षा जांच चौकियां स्थापित करने पर जोर दिया ताकि स्थानीय लोगों की सुव्यवस्थित जांच और तलाशी ली जा सके। इससे पहुंच नियंत्रण मजबूत होगा और सुरक्षा में संभावित कमियों को दूर किया जा सकेगा। डीआईजी ने सीसीटीवी निगरानी, मजबूत एक्सेस-कंट्रोल, प्रभावी सामान स्क्रीनिंग, बेहतर भीड़ प्रबंधन और 24 घंटे सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने सभी अधिकारियों को सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाकर काम करने का निर्देश दिया ताकि पूरी यात्रा को सुरक्षित और घटना-मुक्त रखा जा सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X