इंदौर में बुधवार को आंवला नवमी पर शहरभर में धार्मिक आयोजनों की धूम रहेगी। मंदिरों में अन्नकूट, विशेष पूजन, महाआरती और भंडारे आयोजित किए जाएंगे। रणजीत हनुमान मंदिर में सबसे बड़ा भंडारा होगा, जहां 50 हजार से अधिक भक्तों को भोजन प्रसादी वितरित की जाएगी। इसके अलावा 101 मंदिरों में भी प्रसाद भेजा जाएगा। वहीं, अय्यप्पा मंदिर, हंसदास मठ और श्रीश्री विद्याधाम में भी विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
- इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में आंवला नवमी पर भक्तों के लिए चलित भंडारा होगा। 50 हजार से ज्यादा भक्तों को भोजन प्रसादी दी जाएगी। इसके अलावा 101 मंदिरों में रणजीत हनुमान मंदिर से प्रसाद भेजा जाएगा। यह परंपरा 140 साल से निभाई जा रही है।
- शहर के वीर अलीजा मंदिर में बुधवार से तीन दिवसीय उत्सव शुरू होगा। बुधवार को फूल बंगला सजाया जाएगा। इसके बाद विशेष पूजा होगी और शाम को भंडारा आयोजित किया जाएगा, जो देर रात तक चलेगा।
- इंदौर के अय्यप्पा मंदिर में मंडला मकर विलक्कू पूजा होगी। भगवान के अभिषेक के साथ सुबह पूजा शुरू होगी। इसके बाद दीपकों से माला सजाई जाएगी।
- इंदौर के हंसदास मठ में शाम छह बजे भगवान को 56 भोग लगाया जाएगा। इसके अलावा महाआरती और भजन संध्या भी होगी।
- श्रीश्री विद्याधाम में सुबह साढ़े 10 बजे आंवले के पेड़ के नीचे विष्णु प्रतिमा की पूजा होगी। इसके बाद शाम छह बजे महाआरती की जाएगी।