बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कानपुर

महंगाई :हलवा-मिठाइयों में कम मिलेगा मेवा व देसी घी – Inflation: Halwa And Sweets Will Have Less Dry Fruits And Desi Ghee

November 18, 2026


कानपुर देहात। महंगाई का असर अब शादी-विवाह में बनने वाले पकवानों पर भी दिखाई देने लगा है। 20 नवंबर से शुरू हो रहे शादी के सीजन में मेवा, देसी घी और चीनी की बढ़ती कीमतों के चलते हलवा, मिठाई और अन्य व्यंजनों में इनका इस्तेमाल कम होने की संभावना है। खर्च बढ़ने के कारण लोग शादी समारोहों में खानपान का बजट सीमित करने लगे हैं।

शादी-विवाह में मेहमानों के स्वागत के लिए पहले जहां कई तरह की मिठाइयां और मेवे से बने पकवान परोसे जाते थे, वहीं अब खर्च कम करने के लिए लोग विकल्प तलाश रहे हैं। कैटरिंग संचालकों के सामने भी बढ़ती लागत के बीच पुराने बजट में बेहतर व्यवस्था करने की चुनौती है। स्टेट बैंक रोड स्थित किराना सामान के थोक कारोबारी दिलीप ओमर ने बताया कि मेवा व घी और अन्य खाद्य सामग्री की कीमतों में तेजी से आयोजन का खर्च बढ़ रहा है।

इसका सीधा असर शादी के मेन्यू पर पड़ सकता है। मिठाइयों और हलवे में मेवे की मात्रा घटाई जा सकती है। वहीं, देसी घी के स्थान पर दूसरे विकल्पों का इस्तेमाल भी बढ़ सकता है। शादी समारोहों में पहले से बुकिंग कराने वाले लोगों को भी अब अतिरिक्त बजट की व्यवस्था करनी पड़ रही है। महंगाई के चलते आयोजक पकवानों की संख्या और मेन्यू में कटौती करने पर विचार कर रहे हैं।

………………….

मेवा व अन्य सामग्री के बढ़े दामों पर एक नजर

सामग्री – पहले – अब

बादाम – 900 – 1050 रुपये किलो

गिरी का गोला – 400 – 440 रुपये किलो

पिस्ता रोस्टेड – 1200 – 1400 रुपये किलो

काजू – 850 – 900 रुपये किलो

किशमिश – 450 – 480 रुपये किलो

चिरौंजी – 1780 – 1800 रुपये किलो

अखरोट – 600 – 650 रुपये किलो

अंजीर – 800 – 1000 रुपये किलो

चीनी – 45 – 62 रुपये किलो

देसी घी- 9500 – 10300 रुपये (15 किलो का टिन)

(नोट – रेट स्थानीय कारोबारी के हिसाब से)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X