Kanpur News:गेहूं बोआई का सही समय, अच्छी किस्म का बीज चयन करें किसान – Right Time For Sowing Wheat, Farmers Should Select Good Quality Seeds
कानपुर देहात। गेहूं की बोआई का यह उपयुक्त समय है। उपज अच्छी हो इसके लिए किसानों को अच्छी किस्म के बीज का चयन करने की जरूरत है। यह बात जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने मंगलवार को कही।
उन्होंने कहा धान की कटाई लगभग खत्म होने को है। इसके बाद गेहूं की बोआई तेज हो गई है। खेतों की जोताई और पलेवा कराने के साथ सही नमी पर बीज की बोआई की जरूरत है। अच्छी पैदावार के लिए खेत में पर्याप्त नमी, प्रमाणित बीज, बीज उपचार और संतुलित खाद का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा जिन किसानों की बोआई किसी कारण से पिछड़ रही है, उन्हें किस्म के चयन और बीज की मात्रा पर ध्यान देना होगा।
सामान्य समय पर गेहूं की बोआई के लिए प्रति हेक्टेयर में करीब 100 किलोग्राम बीज की जरूरत होती है। यदि दिसंबर में बोआई की जा रही है तो बीज की मात्रा करीब 25 फीसदी बढ़ाकर 125 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की जा सकती है। देर से बोआई करने वाले किसान कम समय में पककर तैयार होने वाली किस्मों का चयन करें। धान की कटाई के बाद खेत में फसल अवशेष है तो सुपर सीडर से गेहूं की सीधी बोआई की जा सकती है। इससे पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और खेत तैयार करने में लगने वाला समय भी बचता है। इसके लिए खेत में पर्याप्त नमी जरूरी है।
बोआई के समय फास्फोरस और पोटाश की जरूरत के अनुसार पूरी मात्रा और नाइट्रोजन का एक हिस्सा डालें। शेष नाइट्रोजन फसल की बढ़वार के अनुसार प्रयोग करें। बिना जरूरत अधिक यूरिया और डीएपी डालने से लागत बढ़ती है। गेहूं की पहली सिंचाई बोआई के करीब 20 से 25 दिन बाद करनी चाहिए। खेत में पहले से पर्याप्त नमी हो तो सिंचाई में जल्दबाजी न करें। उन्होंने बताया कि बीज के लिए जिन किसानों की बुकिंग एवं चयन हो चुका है, वह 19 नवंबर तक राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज ले लें। यदि इस तिथि तक बीज नहीं लेंगे तो अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रतीक्षा सूची वाले किसानों को बीज दिया जाएगा।
