Ghaziabad News:प्रकाश पर्व पर सजेगा विशेष कीर्तन दीवान, देशभर से पहुंचेंगे रागी और कीर्तन जत्थे – A Special Kirtan Diwan Will Be Organized On The Occasion Of The Festival Of Lights (prakash Parv), With Ragi Jathas (hymn-singing Groups) Arriving From Across The Country
साहिबाबाद। गुरु नानक जयंती व प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में इंदिरापुरम स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा में 22 और 24 नवंबर को विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रविवार को विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा और यह इंदिरापुरम के ज्ञानखंड, न्यायखंड, शक्तिखंड, वैभवखंड, नीतिखंड होते हुए गुरुद्वारा आएगा। वहीं, 24 नवंबर को कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। इस दौरान पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनीये, ढाढ़ी जत्थे और कथा वाचक गुरुवाणी का पाठ व कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। सुबह से रात तक धार्मिक आयोजन होंगे। गुरुद्वारा परिसर में गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधन के शमशेर सिंह ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि दूर रहने वाले श्रद्धालु भी घर बैठे कार्यक्रमों से जुड़ सकें। पिछली बार 25 हजार से अधिक लोग आए थे, इस बार 35 हजार से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।
24 नवंबर को विशेष कीर्तन दीवान की शुरुआत सुबह 9:30 बजे माता गुजरी कौर स्त्री सत्संग से होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे भाई गुरदेव सिंह ऑस्ट्रेलिया वाले, 11:30 बजे भाई गगनदीप सिंह हजूरी रागी और दोपहर 12 बजे हेड ग्रंथी भाई राम सिंह गुरुवाणी व कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। इसके बाद हरप्रीत सिंह दिल्ली वाले, कमलदीप सिंह, जसवीर सिंह लुधियाना वाले और भाई हरनेक सिंह फरीदाबाद वाले कीर्तन करेंगे। शाम छह बजे श्री रहरास साहिब का पाठ, 6:30 बजे आरती साहिब और इसके बाद ढाढ़ी जत्थे की प्रस्तुति होगी। रात नौ बजे भाई अलंकार सिंह ऑस्ट्रेलिया वाले कीर्तन करेंगे। इसके बाद अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। खालसा हेल्प फाउंडेशन की ओर से अंगदान संकल्प शिविर भी आयोजित किया जाएगा। फाउंडेशन के संस्थापक व अध्यक्ष डॉ. गुरप्रीत सिंह रम्मी, जिन्हें ऑक्सीजन मैन ऑफ इंडिया के नाम से जाना जाता है, लोगों को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे।
