Ghaziabad News:ग्रैप नियमों का उल्लंघन करने पर दो दिन में सात संस्थानों पर लगा 66 लाख का जुर्माना – Fines Totaling 66 Lakh Imposed On Seven Establishments Over Two Days For Violating Grap Norms
साहिबाबाद। ग्रैप की पाबंदियों का उल्लंघन कर शहर की हवा को दूषित करने वाली सात इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48 घंटे में 66 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। यूपीपीबीसी की क्षेत्रीय इकाईं टीम ने निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं पर यह कार्रवाई की है।
पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि इकाइयों के खिलाफ यह कार्रवाई वायु (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के प्रावधानों के तहत की गई है। क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि मंगलवार 17 नवंबर को पाबंदियों का उल्लंघन करने पर प्रीमियम विस्टा, राजनगर एक्सटेंशन पर 2.40 लाख, आनंद विहार औद्योगिक क्षेत्र स्थित कैपिटल सिटी सेंट्रल पर 2.40 लाख, साहिबाबाद साइट चार स्थित विकास इंटरनेशनल पर 2.40 लाख और इंटेग्रल प्रोजेक्ट पर 30 हजार का जुर्माना लगाया गया है। इससे पूर्व 16 नवंबर की रात आरएमसी उद्योग से जुड़ी मैसर्स एके कंपनी के यहां निरीक्षण के दौरान खुले में निर्माण सामग्री पाई गई थी, जिसके बाद कंपनी पर 25 लाख का जुर्माना लगाए जाने की संस्तुति की गई है। इसके साथ ही मैसर्स पॉकेट 1, लैंड डेवलपर एंड ग्रथन योजना (अजंतापुरम), लोनी रोड पर भी 25 लाख का जुर्माना लगाया गया है। आदित्य वर्ल्ड सिटी में भी एएपीएल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर भी पाबंदियों के बावजूद निर्माण करने व खुले में निर्माण सामग्री रखने पर 10 लाख का जुर्माना लगाया गया।
16 दिन बाद प्रदूषण जोन से बाहर आया अपना शहर, ग्रैप-3 की पाबंदियां भी हटीं
– डासना देहात को छोड़ अन्य सभी स्टेशनों का एक्यूआई हुआ 200 से कम
साहिबाबाद। मंगलवार, नवंबर का पहला ऐसा दिन रहा जब शहरवासियों को राहत की हवा मिली। दिल्ली एनसीआर में भी एक्यूआई कम होने पर मंगलवार शाम ग्रैप-3 की पाबंदियों को हटा दिया गया और इससे विकास कार्यों पर लगी रोक स्वत: ही खत्म हो गई। क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि अभी ग्रैप एक और दो की पाबंदियां पूर्व की तरह ही लागू हैं, ऐसे में खुले में कूड़ा जलाना, अंगीठी जलाना और खुले में निर्माण सामग्री रखने की पाबंदियां बदस्तूर जारी रहेंगी। मंगलवार को शाम चार बजे सीपीसीबी की ओर से जारी बुलेटिन में गाजियाबाद का एक्यूआई 176 दर्ज किया गया। शहर का डासना देहात को छोड़ अन्य सभी स्टेशनों का एक्यूआई 200 से कम रहा जबकि वेद विहार लोनी का एक्यूआई 200 दर्ज किया गया। पूरे 16 दिन बाद शहर और उसके स्टेशनों का एक्यूआई कम दर्ज किया गया। एक सप्ताह पूर्व ही शुरू हुआ शहर का डासना देहात इलाके का वायु गुणवत्ता सूचकांक ऑरेंज जोन, खराब श्रेणी में बना रहा।
शहर के स्टेशनों का एक्यूआई
डासना-245
गोविंदपुरम-104
इंदिरापुरम-170
लोनी-168
न्यू तहसील-लोनी-190
वसुंधरा-178
वेद विहार-200
संजयनगर-144
वेव सिटी- 185
क्या बोले अधिकारी
वायु गुणवत्ता सूचकांक विशेष तौर पर मौसम के बदलाव पर निर्भर रहता है। सोमवार को भी हवा के साथ धूप थी और मंगलवार को भी बेहतर मौसम होने का असर एक्यूआई में दिखा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई का ही परिणाम सामने हैं।
