कौन चला रहा है X पर गुमनाम अकाउंट ‘हबीबी UK’? इजरायल युद्ध के विरोधियों को करता टारगेट
ब्रिटेन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर ‘हबीबी UK’ नाम से चल रहे एक गुमनाम अकाउंट को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई थी. ये गुमनाम अकाउंट इजरायल का समर्थन करने वाला था और गाजा में इजरायल के युद्ध का विरोध करने वाले नेताओं, टीवी पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाता था. इस अकाउंट की 3 लाख से ज्यादा पोस्ट की जांच के बाद पता चला है कि इस अकाउंट के पीछे कोई और नहीं बल्कि एक 61 साल के राजनेता बेंजामिन टैट निकले हैं. ये खुलासा ब्रिटिश मीडिया संस्थान ‘बाइलाइन टाइम्स’ की छह महीने की जांच में हुआ है. बेंजामिन अमेरिका के विदेश विभाग में अधिकारी रह चुके हैं और बाद में ब्रिटेन में एक ऊर्जा रिसर्च कंपनी चलाते थे. ब्रिटेन में हिंदू-मुस्लिम तनाव में भी इसी अकाउंट का जिक्र कई बार आया था.
‘हबीबी UK’ इजरायल के खिलाफ बोलने वाले लोगों को ‘नस्लवादी’, ‘नफरत फैलाने वाले’ और ‘यहूदी विरोधी’ बताता था. बाईलाइन टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को जांच का पहला हिस्सा प्रकाशित होने के बाद से इस अकाउंट पर पोस्ट आना बंद हो गया है. यह अकाउंट अप्रैल 2015 में ट्विटर से जुड़ा था. इसकी प्रोफाइल फोटो में महारानी एलिजाबेथ फर्स्ट का राज्याभिषेक वाला चित्र लगा था. X पर करीब 3 लाख पोस्ट को जांचने के बाद पता चला कि ‘हबीबी UK’ 13 गुमनाम अकाउंट के एक नेटवर्क का सेंटर था. इस अकाउंट से 42 हजार से ज्यादा पोस्ट किए गए थे. इसी अकाउंट ने 10 महीने के दौरान ब्रिटेन की 12 जानी-मानी हस्तियों के खिलाफ ऑनलाइन अभियान चलाए गए.
इन लोगों में BBC के पूर्व प्रेजेंटर और पेशेवर फुटबॉलर गैरी लाइनकर, फोटोग्राफर और लंदन के साउथबैंक सेंटर के निवर्तमान चेयरमैन मिसान हरिमन, डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर लुई थेरॉक्स, एक्टर और टीवी पैनलिस्ट नादिया सावल्हा और ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की शामिल थे. इन सभी ने फिलिस्तीनियों के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई की आलोचना की थी.
कौन हैं बेंजामिन टैट?
‘अल जजीरा’ की रिपोर्ट बताती है कि बेंजामिन टैट ब्रिटिश-अमेरिकी नागरिक हैं. वे मशहूर दार्शनिक बर्ट्रेंड रसेल के पोते हैं. उन्होंने अमेरिका के वॉशिंगटन DC स्थित जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ फॉरेन सर्विस से पढ़ाई की है. उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल, जिसे अब हटा दिया गया है, के मुताबिक टैट ने अमेरिकी विदेश विभाग में दो साल तक अधिकारी के तौर पर काम किया था. विदेश में काम करने के दौरान उन्हें राजनीतिक और सैन्य कूटनीति के साथ-साथ आतंकवाद से जुड़ी रिसर्च का अनुभव भी मिला था.
टैट और उनकी पत्नी ने करीब तीन दशक तक ‘प्रॉस्पेक्स रिसर्च’ नाम की कंपनी चलाई. यह कंपनी ऊर्जा बाजार से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करती थी. इसके ग्राहकों में बैंक, कंसल्टेंसी कंपनियां, सरकारी अधिकारी और लॉ फर्म शामिल थीं. रॉयटर्स, द वॉल स्ट्रीट जर्नल और डॉव जोन्स जैसी मीडिया संस्थाएं ऊर्जा बाजार पर टैट की राय प्रकाशित करती रही हैं. सितंबर में उनकी कंपनी ने स्वेच्छा से अपना कारोबार बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी.
जांच के मुताबिक, टैट कम से कम 2008 से ब्रिटेन के राजनीतिक ब्लॉग ‘हैरी प्लेस’ पर ‘हबीबी’ नाम से लिख रहे थे. यह ब्लॉग शुरुआत में वामपंथी विचारधारा वाला एक मंच था. टैट की शुरुआती पोस्ट में कथित ‘इस्लामी कट्टरपंथ’ से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाते थे. इनमें सामाजिक कार्यकर्ता इस्माइल पटेल और फिलिस्तीनी सहायता संगठन इंटरपाल से जुड़ी पोस्ट भी शामिल थीं.
हबीबी UK की पोस्ट को किन लोगों ने आगे बढ़ाया?
मार्च 2021 में ब्रिटेन की हाई कोर्ट के एक अधिकारी ने ट्विटर को आदेश दिया था कि वह इस अकाउंट से जुड़ी जानकारी प्रोफेसर डेविड मिलर को दे. मिलर ने इस अकाउंट के खिलाफ कानूनी दावा दायर किया था. इसके बावजूद यह अकाउंट लगातार प्रभावशाली होता गया. खासकर अक्टूबर 2022 में एलन मस्क के ट्विटर का मालिक बनने के बाद इसकी पहुंच और प्रभाव बढ़ा. इस अकाउंट का कनेक्शन लेबर पार्टी से रहा. लेबर पार्टी के पूर्व सांसद और हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य जॉन वुडकॉक ने इसकी पोस्ट 32 बार आगे बढ़ाई थीं. वहीं यहूदी लीडरशिप काउंसिल के जनरल काउंसल डेविड टूबे ने इस अकाउंट की पोस्ट सैकड़ों बार शेयर की थीं.
ब्रिटेन की विदेश नीति पर काम करने वाली थिंक टैंक संस्था ‘हेनरी जैक्सन सोसाइटी’ ने भी लीसेस्टर में हिंदू-मुस्लिम तनाव पर 2022 में जारी अपनी एक रिपोर्ट में हबीबी UK की पोस्ट का नौ बार हवाला दिया था.
