बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अल्मोड़ा:धोनी के आईपीएल संन्यास से पैतृक गांव ल्वाली चर्चा में, ग्रामीण बोले- उनकी उपलब्धियों पर हमें गर्व – Mahendra Singh Dhoni Ipl Retirement Sparks Discussion In His Ancestral Village, Lwali
अल्मोड़ा

अल्मोड़ा:धोनी के आईपीएल संन्यास से पैतृक गांव ल्वाली चर्चा में, ग्रामीण बोले- उनकी उपलब्धियों पर हमें गर्व – Mahendra Singh Dhoni Ipl Retirement Sparks Discussion In His Ancestral Village, Lwali

November 18, 2026


mahendra singh dhoni IPL retirement sparks discussion in his ancestral village, Lwali

एमएस धोनी

विस्तार

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने के ऐलान के बाद उनके पैतृक गांव ल्वाली में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि धोनी ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर जो मुकाम हासिल किया है उससे पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनकी उपलब्धियों पर सभी को गर्व है।

अपने हेलीकॉप्टर शॉट के लिए मशहूर महेंद्र सिंह धोनी मूल रूप से जैंती तहसील के ल्वाली गांव के निवासी हैं। 70 के दशक में उनके पिता पान सिंह धोनी नौकरी के सिलसिले में रांची जाकर बस गए थे। गांव में उनके चाचा रहते थे, जिन्होंने कुछ साल पहले हल्द्वानी में मकान बना लिया है। ग्राम प्रधान दीवान सिंह धोनी ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी का क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश-दुनिया में अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियों पर पूरे गांव को गर्व है। उन्होंने कहा कि अब धोनी की उम्र भी हो गई है। संभव है कि इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया हो। खेल के मैदान पर उनकी उपलब्धियों को हमेशा याद रखा जाएगा।

क्षेत्र पंचायत सदस्य चंदन सिंह धोनी ने माही के गांव आने से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी वर्ष 2023 में परिवार के साथ ल्वाली आए थे। इस दौरान उन्होंने गांव के देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और परिवार के साथ कुछ समय बिताया। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह था।

चंदन सिंह के अनुसार, धोनी का अपनी मिट्टी और गांव से जुड़ाव ग्रामीणों के लिए गर्व की बात है। दिनेश सिंह धोनी ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी भले ही क्रिकेट के बड़े सितारे बन गए हों, लेकिन उनके पैतृक गांव से जुड़ी यादें आज भी लोगों के मन में ताजा हैं।

गांव के लोग उनके यहां आने के पुराने पलों को याद करते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश को कई बड़ी उपलब्धियां दिलाने वाले धोनी आज भी गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X