बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:मानवेंद्र हत्याकांड के आरोपी ने दिया आत्मसमर्पण प्रार्थना पत्र – Manvendra Murder Case Accused Submits Surrender Application
हाथरस

Hathras News:मानवेंद्र हत्याकांड के आरोपी ने दिया आत्मसमर्पण प्रार्थना पत्र – Manvendra Murder Case Accused Submits Surrender Application

November 18, 2026


हाथरस। मानवेंद्र हत्याकांड के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए हर प्रयास कर रहे हैं। एनकाउंटर की आशंका पर शातिर प्रदेश छोड़कर फरार है। इनमें से एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी डाल दी है।

प्रकरण में सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख लगी है। पुलिस ने अब न्यायालय परिसर में भी आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है। गौरतलब है कि 11 नवंबर की रात को मानवेंद्र की घर के पास ही दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उसका दोस्त समीर भी घायल हो गया था तथा फुफेरा भाई बाल-बाल बचा था।

पुलिस ने हत्या व जानलेवा हमले में मौसा गीतेंद्र, खगेंद्र के बेटे कृष्णा व गोपाल तथा प्रवेश के बेटे कौशल व सुमित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

अब आरोपी कौशल की ओर से सरेंडर के लिए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। इसके साथ ही सात दिनों से खाली हाथ बैठी पुलिस ने अब न्यायालय परिसर में आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी है। कौशल के सरेंडर के बाद अन्य आरोपियों के सरेंडर होने की आशंका है।

सर्विलांस से भी सफलता नहीं

आगरा के अलावा पुलिस मध्यप्रदेश, राजस्थान व अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। सर्विलांस टीम भी इनकी लोकेशन तक नहीं पहुंच पा रही है। आरोपी मोबाइल, एटीएम या अन्य किसी डिजिटल प्रणाली का उपयोग नहीं कर रहे।

पहुंच रही पुलिस की जानकारी

पुलिस भले ही आरोपियों तक नहीं पहुंच रही, लेकिन सूत्रों के अनुसार पुलिस की जानकारी आरोपियों तक पहुंच रही है। मध्यप्रदेश में शनिवार को दबिश के दौरान पुलिस आरोपियों के काफी करीब थी। एक तरह से गिरफ्तारी तय मानी जा रही थी, लेकिन वे पुलिस के पहुंचने से चंद मिनट पहले भाग निकले।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। आत्मसमर्पण के प्रयास की जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X