Saharanpur News:चोरों ने खंगाला सराफ का घर, नकदी समेत लाखों के जेवर चोरी – Thieves Ransacked A Jeweler’s Home, Stealing Cash And Jewelry Worth Lakhs
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र में सराफ संजीव जैन उर्फ नीटू के घर पर धावा बोल दिया। चोरी की वारदात उस समय हुई जब सुबह के समय सराफ की पत्नी रोजाना की तरह घर से बाहर टहलने के लिए गई थी। वह वापस आईं तो चोरी का पता चला। पुलिस का कहना है कि 10 से 15 लाख का सामान चोरी हुआ है, जबकि पीड़ित का कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
महावीर कॉलोनी में संजीव जैन उर्फ नीटू का मकान है। मकान के तीन गेट हैं। एक गेट कॉलोनी की मुख्य गली, दूसरा चिलकाना रोड और तीसरा खाताखेड़ी की तरफ से है। सराफा बाजार में कस्तूर चंद जैन के नाम से दुकान है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सराफ संजीव जैन की पत्नी प्रगति जैन रोजाना की तरह घूमने गई थीं। घर पर संजीव जैन मौजूद थे। कुछ देर बाद प्रगति जैन लौटीं। इसी बीच घर पर दूध देने वाला भी आ गया। इसके बाद जब वह ऊपरी मंजिल पर बनी रसोई में पहुंचीं तो वहां देखा कि स्लैब के ऊपर गंड़ासा और कलश रखा था। सामान भी बिखरा हुआ था। मकान के सभी कमरे चेक किए गए।
इस दौरान बहू के कमरे में अलमारी का लॉक टूटा हुआ मिला। अलमारी से नकदी और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इसमें हाथों के कड़े, गले का सेट और कानों के कुंडल शामिल है। सराफ के घर चोरी की घटना का पता लगने पर एसएसपी अभिनंदन सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंची। घंटों तक चली जांच पड़ताल के बाद भी स्पष्ट नहीं हो सका कि चोर किस रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए। घर में सराफ और उनकी पत्नी रहती है। बेटा और बहू गुरुग्राम में रहते हैं। पीड़ित का कहना है कि चोर कितनी नकदी और जेवर ले गए हैं इसका आकलन किया जा रहा है।
सराफ के घर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। जिस समय चोरी की घटना हुई, उस दौरान घर का कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं चल रहा था। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन उनसे भी कोई सफलता नहीं मिली है।
चिलकाना रोड पर महावीर कॉलोनी में सराफ संजीव जैन का मकान एक कोतवाली और तीन चौकियों के बीच है। एक तरफ कोतवाली मंडी, चिलकाना रोड पर दो चौकी और एक चौकी खाताखेड़ी में है। इनकी दूरी मकान से करीब 300 से 500 मीटर की है। कोतवाली की पुलिस हो या फिर चौकी की। रात के समय गश्त करती है। मकान भी सड़क किनारे है। इसके बाद भी पुलिस को मकान में चोरों के अंदर दाखिल होने और भागने की भनक तक नहीं लगी। ऐसे में पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। प्रथम दृष्टया जांच में 10 से 15 लाख की चोरी का मामला सामने आया है। फिलहाल हर बिंदु पर बारीकी से जांच की जा रही है।
– अभिनंदन सिंह, एसएसपी
