अलीगढ़ के छर्रा थाना इलाके के सिरसा गांव में मंगलवार शाम 22 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान करन चौधरी (26) का पार्थिव शरीर लेकर सेना के अधिकारी पहुंचे। अफसरों ने परिजनों को बताया कि करन चौधरी अपने बेस पॉइंट पर मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने पूछा कि उनके लाल की जान कैसे गई? इस पर अफसरों ने कोई जवाब नहीं दिया।
परिजनों ने कहा कि जवाब मिलने पर ही वह करन का अंतिम संस्कार करेंगे। करीब सवा घंटे तक अफसरों, परिजनों, पूर्व सैनिकों में वार्ता चलती रही। कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के बाद बलिदानी का दर्ज देने के आश्वासन के बाद परिजन मान गए। तब गार्ड ऑफ ऑनर देकर करन के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।
सिरसा गांव निवासी करन चौधरी जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में बेस पॉइंट लोलाब (सोगम) में तैनात थे। करन की सगाई 22 नवंबर को और शादी 24 को होनी थी। इसके लिए उन्होंने अवकाश ले लिया था। मंगलवार को करन को गांव लौटना था। परिजनों का कहना था कि बटालियन के सीओ ने सोमवार सुबह चार बजे फोन किया था। उन्हें बताया था कि सिर में दो गोली लगने से करन की जान चली गई है। गोली कैसे और किन परिस्थितियों में लगी, इसका जवाब नहीं दिया गया था।