Triumph Bonneville T4 Vs Classic 350: किसमें ज्यादा दम? देखिए कीमत से फीचर्स तक पूरा मुकाबला
Triumph Bonneville T4 Vs RE Classic 350: रेट्रो मोटरसाइकिल मार्केट में क्लासिक 350 लंबे समय से अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है, लेकिन अब ट्रायम्फ ने नई बोनविले टी4 लॉन्च करके इस सेगमेंट में सीधी चुनौती पेश की है. अगर आप एक क्लासिक लुक वाली क्रूजर या रोडस्टर बाइक खरीदने का मन बना रहे हैं, तो इन दोनों के बीच का अंतर समझना बेहद जरूरी है. Bonneville T4 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹2,54,999 रखी गई है.
वहीं, Classic 350 की एक्स-शोरूम कीमत ₹1,88,934 से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए ₹2,26,069 तक जाती है. दोनों बाइक्स 350 सीसी सेगमेंट में आती हैं, लेकिन इनकी इंजीनियरिंग, तकनीक और कीमत में बड़ा फर्क देखने को मिलता है. आइए जानते हैं डिजाइन, फीचर्स और इंजन के मामले में कौन सी बाइक आपके लिए बेहतर साबित हो सकती है.
डिजाइन और लुक
ट्रायम्फ बोनविले टी4 1960 के दशक की क्लासिक बोनविले बाइक्स से इंस्पायर्ड है. इसमें टियरड्रॉप फ्यूल टैंक, राउंड एलईडी हेडलैंप, स्पोक व्हील्स और पीशूटर साइलेंसर दिया गया है. ये फैंटम ब्लैक, कार्निवल रेड और कॉम्पिटिशन ग्रीन कलर ऑप्शन में आती हैं. दूसरी ओर, क्लासिक 350 अपने पारंपरिक विंटेज रोडस्टर लुक, भारी मेटल बॉडीवर्क और सिग्नेचर पायलट लैंप्स के साथ आती है, जो इसे एक शाही और दमदार रोड प्रेजेंस देता है.
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन
फीचर्स के मोर्चे पर बोनविले टी4 काफी मॉडर्न है. इसमें 4-इंच का कलर एलसीडी डिस्प्ले मिलता है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और म्यूजिक कंट्रोल को सपोर्ट करता है. सेफ्टी के लिए इसमें डुअल-चैनल एबीएस, ट्रैक्शन कंट्रोल, 3 राइडिंग मोड्स (रोड, रेन, इको) और फुल-एलईडी लाइटिंग दी गई है.
इसकी सीट हाइट 790 मिमी, फ्यूल टैंक 14.5 लीटर और कर्ब वेट 195 किलोग्राम है. वहीं, क्लासिक 350 में सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ट्रिपर नेविगेशन पॉड, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और एलईडी लाइटिंग (वेरिएंट के अनुसार) मिलती है. इसका कर्ब वेट 195 किलोग्राम और फ्यूल टैंक 13 लीटर है.
इंजन और परफॉरमेंस
इंजन के मामले में ट्रायम्फ बोनविले टी4 कहीं ज्यादा पावरफुल है. इसमें 349 सीसी, लिक्विड-कूल्ड, 4-वाल्व, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 29 PS की पावर और 31.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है. इसके मुकाबले, रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 में 349cc, एयर-ऑयल कूल्ड जे-सीरीज इंजन है, जो 20.21 PS की पावर और 27 Nm का टॉर्क देता है.
ये 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आती है. जहां क्लासिक 350 साइलेंट और कम्फर्टेबल क्रूजिंग के लिए जानी जाती है, वहीं बोनविले टी4 अपनी ज्यादा पावर और 6-स्पीड गियरबॉक्स के कारण हाईवे पर तेज रफ्तार और फुर्तीली परफॉरमेंस देती है.
