Una News:बल्क ड्रग पार्क के प्रशासनिक भवन तक जल्द पहुंचेगा पानी, 80 फीसदी कार्य पूरा – Water To Reach The Bulk Drug Parks Administrative Building Soon 80 Of The Work Is Complete
ऊना। ऊना के पंजुआना में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क के प्रशासनिक भवन तक पेयजल पहुंचाने की कवायद अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। जल शक्ति विभाग ने योजना का करीब 80 फीसदी काम पूरा कर लिया है। दो ट्यूबवेल से लेकर भूमिगत टैंक और 13 लाख लीटर क्षमता वाले दो मुख्य ओवरहेड रिजर्वायर तैयार हो चुके हैं। शेष कार्य पूरा होते ही बल्क ड्रग पार्क के प्रशासनिक भवन को पेयजल सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।
बल्क ड्रग पार्क के प्रशासनिक भवन में पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। योजना के तहत ट्यूबवेल, पंप हाउस, भूमिगत टैंक और मुख्य ओवरहेड स्टोरेज टैंकों का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, योजना के लिए 130 मीटर गहरे दो ट्यूबवेल तैयार किए जा चुके हैं। मुख्य पंप हाउस का निर्माण 95 फीसदी पूरा हो गया है, जबकि दूसरा पंप हाउस सिंगल रूम पूरी तरह तैयार है। पंप हाउस के पास 3.20 लाख लीटर क्षमता का भूमिगत कलेक्शन टैंक भी बनाया जा चुका है। इसके अलावा 20 मीटर स्टेजिंग हाइट वाले दो मुख्य ओवरहेड स्टोरेज रिजर्वायर (ओएचएसआर) का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। इन दोनों की कुल क्षमता 13 लाख लीटर है।
राइजिंग मेन का 90 फीसदी काम पूरा
पेयजल आपूर्ति योजना के तहत राइजिंग मेन का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है जबकि ग्रेविटी मेन का कार्य अभी महज 30 फीसदी ही हुआ है। सबमर्सिबल और सेंट्रीफ्यूगल पंपिंग मशीनरी को फुल ऑटोमेशन के साथ स्थापित करने का कार्य 80-80 फीसदी पूरा हो चुका है
पेयजल परियोजना का 80 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। बाकी का 20 फीसदी कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। एक महीने के भीतर पेयजल परियोजना के तहत बनाए गए पानी के टैंक और बोर की टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
– नरेश धीमान, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग ऊना
