एमपी:नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगारों से ठगे 2.58 लाख रुपये, कंसल्टेंसी चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार – Man And Woman Arrested In Chhindwara For Swindling People With False Job Promises; ₹35,000 In Cash Recovered
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी अच्छी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर युवाओं से मोटी रकम वसूलते थे। इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं मिलती थी और वे अपने पैसे वापस पाने के लिए भटकते रहते थे। शिकायत मिलने पर देहात थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी परासिया रोड पर ‘अरानी कंसल्टेंसी ग्रुप्स’ के नाम से संस्था संचालित कर रहे थे। इसी संस्था के माध्यम से उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों से कुल 2 लाख 58 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 35 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने ठगी करने वाले अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में देहात थाने में अपराध क्रमांक 647/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी आशुतोष राज चौरे और जया बघेल लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पढ़ें: उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा
मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों फरार आरोपी परासिया रोड स्थित अपनी संस्था अरानी कंसल्टेंसी ग्रुप्स में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने विशेष पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कबूली ठगी, 35 हजार रुपये बरामद
थाने लाकर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये लेने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 35 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. आशुतोष राज चौरे (25 वर्ष), पिता राजकुमार राज चौरे, निवासी ग्राम सिंगोड़ी, थाना अमरवाड़ा। वर्तमान पता- अरानी ग्रुप्स, परासिया रोड, छिंदवाड़ा।
2. जया बघेल (24 वर्ष), पिता कमल बघेल, निवासी वार्ड नंबर 16, गांधी गंज, सिवनी प्राणमोती, थाना कुंडीपुरा, छिंदवाड़ा।
