Hamirpur News:जांच रिपोर्ट जल्दी देने के नाम पर रुपये लेने का आरोप – Accusation Of Taking Money In Exchange For Providing Test Reports Quickly
हमीरपुर। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में मरीजों और उनके तीमारदारों से जांच रिपोर्ट जल्द देने के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। लैब टेक्नीशियन और एक तीमारदार के बीच रुपये के लेनदेन की बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
वायरल वीडियो में एक लैब टेक्नीशियन एक तीमारदार से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि सामान्य प्रक्रिया के तहत तीन से चार घंटे में मिलने वाली रिपोर्ट के लिए मरीजों को 24 घंटे तक इंतजार कराया जाता है जबकि रुपये देने पर वही रिपोर्ट महज डेढ़ घंटे में उपलब्ध करा दी जाती है। वीडियो में तीमारदार से यही कहते हुए लैब टेक्नीशियन दिखाई दे रहा कि मैंने डेढ़ घंटे में रिपोर्ट दी है। तीमारदार के रुपये देने पर टेक्नीशियन जवाब देता है कि अभी दे रहा हूं। इसके बाद दोनों के बीच परिचय को लेकर बातचीत होती है। इस संबंध में जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। दोषी होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
