Mau News:ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैक्टर मालिक की मौत – Tractor Owner Killed After Being Struck By A Train
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के धरौली मोड़ के सामने रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। बनगांवा निवासी 50 वर्षीय विजय यादव की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची घोसी कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि विजय यादव बुधवार सुबह करीब 9 बजे पेट्रोल पंप पर डीजल लेने आए थे। इसी दौरान वह लघु शंका के लिए रेलवे ट्रैक पर चले गए और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पत्नी उर्मिला देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा धनंजय और बेटी रंजना बार-बार पिता की तस्वीर देखकर बिलख रहे हैं। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, साथ ही मामले में अग्रिम कार्रवाई में पुलिस जुटी है।
