Pauri News:मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेने तहसील पहुंच रहे मतदाता – Voters Are Arriving At The Tehsil Office To Seek Information About The Voting Process
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर।
मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील परिसर में बैलेट यूनिट और वीवीपैट मशीन लगाई गई है। एक माह तक तहसील पहुंचने वाले नए और पुराने मतदाता इन मशीनों के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले सकेंगे। पिछले तीन दिनों में ही 57 मतदाताओं ने मशीन का उपयोग कर वोट डालने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की है।
तहसीलदार दीपक भंडारी ने बताया कि मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर परीक्षण के तौर पर यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदाता तहसील पहुंचकर बैलेट यूनिट के माध्यम से मतदान करने और वीवीपैट में अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझ सकता है। यह मशीन एक माह तक तहसील परिसर में उपलब्ध रहेगी। इससे मतदाताओं को मतदान के दौरान होने वाली प्रक्रिया की पहले से जानकारी मिल सकेगी। आइटीआई श्रीनगर के कर्मचारी प्रदीप नेगी, शाहरुख बतौर मास्टर ट्रेनर मतदाताओं को जानकारियां दे रहे हैं।
