गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chitrakoot News:नहरों की सिल्ट सफाई अधूरी, पलेवा के लिए पानी को तरसे किसान – Desilting Of Canals Remains Incomplete; Farmers Left Longing For Water For Pre-sowing Irrigation
चित्रकूट

Chitrakoot News:नहरों की सिल्ट सफाई अधूरी, पलेवा के लिए पानी को तरसे किसान – Desilting Of Canals Remains Incomplete; Farmers Left Longing For Water For Pre-sowing Irrigation

November 19, 2026


चित्रकूट। नहरों की सिल्ट सफाई एक माह से चल रही है, मगर मियाद बीतने के बाद भी काम अधूरा है। 15 अक्टूबर से शुरू सफाई 15 नवंबर तक पूरी होनी थी, लेकिन अब भी कई नहरें सिल्ट, झाड़-झंखाड़ और कूड़े से पटी हैं।

रबी की बोआई का सीजन शुरू हो चुका है। किसान बोआई के लिए पलेवा का पानी मांग रहे हैं, मगर बार-बार गुहार के बाद भी नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया। जिले की 104 नहरों की 495.507 किमी लंबाई में सफाई के लिए 25 लाख रुपये का बजट आया था, फिर भी काम अब तक कछुआ चाल से चल रहा है।

————–

केस-1

सिल्ट-कूड़े से पटी पयस्वनी

पयस्वनी डायवर्जन नहर में सिल्ट सफाई न होने से नहर झाड़-झंखाड़ और कूड़े से पटी है। किसान शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस कारण बरवारा, रेहुटा, परसौजा आदि गांवों को सिंचाई सुविधा नहीं मिल रही है। रबी सीजन में पलेवा के लिए पानी की आस लगाए किसान परेशान हैं।

—————

केस-2

टेल तक नहीं पहुंचेगा पानी

ओहन बांध से निकलने वाली नहर की सफाई अब भी अधूरी है। मानिकपुर के किसान राजेश द्विवेदी व किशन ने बताया कि इस नहर से समरदहा, चर, ऐंचवारा, देवकली, बगरेही, मडवारा, गाया चनहट, रमपुरिया और अव्वल समेत दस गांवों की सिंचाई होती है। अगर सिल्ट की ठीक से सफाई नहीं हुई तो पानी टेल तक पहुंचेगा ही नहीं और रबी की फसल सूख जाएगी।

————–

वर्जन

90 प्रतिशत से अधिक नहरों की सफाई हो चुकी है। चिल्लीमल व बरुवा नहर में कुछ काम बाकी है। पयस्वनी डायवर्जन नहर में निर्माण कार्य होने के कारण उसे सफाई योजना में लिया ही नहीं गया है। अभी धान की फसल खेतों में खड़ी है, पानी छोड़ने से फसल खराब हो सकती है। – एसके प्रसाद, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X