Fatehpur News:हरिहरगंज चौकी प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित – Eight Police Personnel, Including The Hariharganj Outpost In-charge, Suspended
फतेहपुर। सदर कोतवाली की हरिहरगंज चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं गाजीपुर थाने में तैनात छह सिपाहियों को जुआरियों से मिलीभगत के आरोप में निलंबित किया गया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न मामलों में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोपों पर यह कार्रवाई की है। वहीं एक अनुचर को भी निलंबित किया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कलक्टरगंज में दो पक्षों के बीच धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की विवेचना हरिहरगंज चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह कर रहे थे।
एक पक्ष ने कार्रवाई न होने की शिकायत पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से की थी। इसके बाद दूसरे पक्ष के आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया। गिरफ्तारी में नाकाम रहने पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया।
गाजीपुर थाना क्षेत्र में जुआखाना संचालित करने वाले एक व्यक्ति का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में संचालक ने सिपाहियों से मिलीभगत और सेटिंग होने की बात कही थी।
मामला एसपी तक पहुंचने के बाद गाजीपुर थाने में तैनात दीपक यादव, अनिल यादव, स्वतंत्र मौर्या, अनुज कुमार सिंह, अजय यादव और महेश साहनी को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा धाता थाने में तैनात सिपाही नित्यानंद यादव को भी निलंबित किया गया है।
