Kannauj News:दुष्कर्म की पुष्टि के लिए आरोपी का डीएनए नमूना भेजा गया मथुरा – The Accused’s Dna Sample Has Been Sent To Mathura To Confirm The Rape
कन्नौज। कस्बे गुरसहायगंज में पीएचसी के निष्प्रयोज्य भवन में रह रहे दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी योगेंद्र राजपूत उर्फ पंगा को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। इसी क्रम में बुधवार को आरोपी का डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है। डीएनए जांच के लिए नमूना लेकर मथुरा स्थित लैब भेजा गया है।
पुलिस का मानना है कि डीएनए रिपोर्ट से मामले में ठोस साक्ष्य मिलेगा और अदालत में अभियोजन को मजबूती मिलेगी। बताया गया कि दंपती पीएचसी के पुराने और निष्प्रयोज्य भवन में रह रहे थे। वहीं उनकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की थी। साथ ही महिला के साथ हत्या के बाद अमानवीय कृत्य करने की बात भी सामने आई थी। पुलिस ने उसी के आधार पर डीएनए जांच कराने का निर्णय लिया।
पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार (डंडा) और अन्य साक्ष्य पहले ही बरामद किए जा चुके हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को भी जांच के लिए भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक ध्यानेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। डीएनए रिपोर्ट आते ही चार्जशीट दाखिल कर फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। बताया कि डीएनए जांच के लिए नमूना लेकर मथुरा स्थित लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
