गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ऑपरेशन आर्म्स क्लीन:कोटपूतली-बहरोड़ में अमन मीणा गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार, दहशत खत्म – Kotputli-behror Police Action 7 Members Of The Aman Meena Gang Arrested
कोटपूतली-बहरोड़

ऑपरेशन आर्म्स क्लीन:कोटपूतली-बहरोड़ में अमन मीणा गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार, दहशत खत्म – Kotputli-behror Police Action 7 Members Of The Aman Meena Gang Arrested

November 19, 2026


Kotputli-Behror police action 7 members of the Aman Meena gang arrested

कोटपूतली-बहरोड़ में अमन मीणा गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार

विस्तार

कोटपूतली-बहरोड़ में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बानसूर थाना पुलिस ने कुख्यात अमन मीणा की ‘गैंग आम-8584’ के खिलाफ शिकंजा कसा। इस अभियान के तहत गैंग के सरगना सहित कुल सात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद जिले के आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मच गया है। कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए ‘ऑपरेशन आर्म्स क्लीन’ चलाया जा रहा है। बानसूर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए इन बदमाशों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी कुख्यात अमन मीणा गैंग से जुड़े हुए हैं। वे लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: राजधानी जयपुर में चाकूबाजी की वारदात का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; दो नाबालिग निरुद्ध

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 14 अवैध हथियार बरामद किए गए। इनमें 10 देसी कट्टे, 3 देसी पिस्टल और एक देसी रिवॉल्वर शामिल है। इसके अलावा, एक मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने ये हथियार कहां से खरीदे थे। इनका इस्तेमाल किन वारदात में किया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।

आपराधिक गतिविधियों और आगे का अभियान

गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ कस्बे में फायरिंग, जानलेवा हमला और मारपीट के मामले दर्ज हैं। गैंग के सदस्य हथियारों के दम पर क्षेत्र में दहशत फैलाते थे। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ‘ऑपरेशन आर्म्स क्लीन’ का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियारों की आपूर्ति रोकना है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और हथियार तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X