एमपी:छिंदवाड़ा में पेयजल व्यवस्था पर 58.79 करोड़ खर्च होंगे, माचागोरा से कुलबहरा तक बिछेगी नई पाइपलाइन – Important Mic Meeting Concludes In Chhindwara; Several Major Proposals Passed
नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा कार्यालय में गुरुवार को महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, पेयजल संकट के स्थायी समाधान, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
पेयजल व्यवस्था के लिए 58.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति
शहर में संभावित पेयजल संकट से निपटने और जल संरक्षण के लिए एमआईसी ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पेंच व्यपवर्तन योजना के तहत माचागोरा जलाशय से कुलबहरा फिल्टर प्लांट तक नई पाइपलाइन बिछाने के लिए 58.79 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। यह राशि बैंक या अन्य वित्तीय संस्थान से ऋण के रूप में ली जाएगी।
इसके अलावा आपातकालीन जरूरतों को देखते हुए निगम क्षेत्र में 75 नए नलकूपों का खनन कराने का निर्णय लिया गया। जल शुद्धिकरण संयंत्रों में उपलब्ध पानी की स्थिति के अनुसार जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार और जल संरक्षण के लिए प्रतिबंधात्मक उपाय भी लागू किए जाएंगे।
ट्रांसपोर्ट नगर और आधुनिक पालिका बाजार का होगा निर्माण
शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए वार्ड क्रमांक 24 (सारसवाड़ा/मालनवाड़ा) में प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना को किसी अन्य एजेंसी (एमपीयूडीसी) को नहीं सौंपने का निर्णय लिया गया। निगम द्वारा डीपीआर पर पहले ही राशि खर्च किए जाने के कारण अब इस परियोजना का काम नगर निगम स्वयं कराएगा। इसके लिए भूमि सर्वेक्षण और निविदा आमंत्रित करने के लिए निगम आयुक्त को अधिकृत किया गया है।
वहीं, पुराने पालिका बाजार का पुनर्विकास कर वहां आधुनिक व्यावसायिक परिसर बनाने के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के 64 नए आवेदनों को मंजूरी
प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के तहत ऑनलाइन प्राप्त 64 नए आवेदन पत्रों की सूची को अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही पहले के 118 प्रकरणों की पुष्टि की गई।
नगर निगम के वर्ष 2027 में होने वाले आगामी आम निर्वाचन को देखते हुए सीमा वृद्धि, वार्डों की संख्या, परिसीमन और आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
चौक-चौराहों और मार्गों के नामकरण को मंजूरी
शहर की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और महापुरुषों को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रमुख चौक-चौराहों, भवनों और मार्गों के नामकरण के प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसके तहत:
-
पुराने कुंडीपुरा नाका चौक का नाम रानी अवंतीबाई लोधी चौक रखा जाएगा।
-
पोआमा चौक का नाम महाराज दक्ष चौक होगा।
-
टाउन हॉल का नाम राजा जाटव शाह टाउन हॉल रखा जाएगा।
-
कलेक्टर बंगले से गौरैया सब्जी मंडी मार्ग का नाम महाराजा मार्ग होगा।
-
मानसरोवर कॉम्प्लेक्स से रानी दुर्गावती चौक तक के मार्ग का नाम राजा उदयभान शाह मार्ग रखा जाएगा।
