शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महोबा

Mahoba News:गड्ढों में तब्दील निर्माणाधीन फोरलेन, हिचकोले खा रहे वाहन – Four-lane Road Under Construction Turns Into A Series Of Potholes; Vehicles Left Jolting Along

November 19, 2026


महोबा। शहर में निर्माणाधीन चरखारी बाईपास फोरलेन सड़क वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गई है। परमानंद चौराहा से झलकारीबाई तिराहा तक 2.350 किमी लंबे मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क गड्ढों में तब्दील है। कहीं सड़क उखड़ी पड़ी है तो कहीं गिट्टी डालकर निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। राज्यकर कार्यालय के समीप सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालक हिचकोले खाते हुए निकलने को मजबूर हैं।

शहर के परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा तक पीडब्ल्यूडी की ओर से राज्य सड़क निधि के तहत 13.35 करोड़ रुपये से फोरलेन का निर्माण कराया जा रहा है। माह सितंबर 2025 में परियोजना को प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति मिली थी। निर्धारित समय सीमा के अनुसार 12 माह में निर्माण होना था लेकिन एक साल बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका। निर्माण की धीमी गति का खामियाजा रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस सड़क से प्रतिदिन तीन हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। कीरत सागर, रेलवे स्टेशन, फतेहपुर बजरिया वार्ड व राठ चुंगी की ओर जाने वाले लोगों के लिए यह प्रमुख मार्ग है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीरों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विकास कुमार जौहरी का कहना है कि फोरलेन सड़क का निर्माण तेजी के साथ कराया जा रहा है। एक साइड में डामरीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है।

——————

खराब सड़क से कमर दर्द और स्लिप डिस्क का खतरा

चिकित्सकों के अनुसार खराब व ऊबड़-खाबड़ सड़क पर लगातार सफर करने से शरीर को झटके लगते हैं। इससे मांसपेशियों में खिंचाव और कमर दर्द की समस्या बढ़ सकती है। स्लिप डिस्क का खतरा भी बना रहता है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना कमर दर्द व मांसपेशियों से जुड़ी शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या ज्यादा है। हालांकि, कम उम्र के लोग भी इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। चिकित्सक हेमेंद्र यादव ने वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

——————

लोगों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की उठाई मांग

फोटो 19 एमएएचपी 17 परिचय-लतीफ अंसारी। संवाद

बाइक मैकेनिक लतीफ अंसारी का कहना है कि फोरलेन निर्माण में देरी व सड़क पर बने गड्ढों ने आवागमन मुश्किल कर दिया है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क का शीघ्र निर्माण होना चाहिए।

——————

फोटो 19 एमएएचपी 18 परिचय-लक्ष्मी साहू। संवाद

स्थानीय निवासी लक्ष्मी साहू का कहना है कि गड्ढों से वाहनों को नुकसान पहुंचने के साथ हादसे का खतरा भी बना रहता है। खोदकर छोड़ी गई सड़क को शीघ्र समतल कराया जाए और निर्माण कार्य तेजी लाई जाए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X