Muzaffarnagar News:4.98 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी में जमानत खारिज – Bail Denied In Rs 4.98 Lakh Cyber Fraud Case
मुजफ्फरनगर। साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामले में आरोपी अनस की जमानत याचिका खारिज कर दी गई। जिला जज राजीव कमल पांडेय ने सुनवाई की।
नई मंडी थाना क्षेत्र के पटेलनगर निवासी कुशाग्र अग्रवाल ने 20 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। व्यापारी का कहना था कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल व्हाट्सएप को हैक किया। हैकर ने वादी की प्रोफाइल पिक्चर और पुरानी चैट का उपयोग कर उनके अकाउंटेंट संजय से संपर्क किया।
इसके बाद सुब्रहमन्या इंपैक्स प्राइवेट लिमिटेड के आईसीआईसीआई बैंक खाते से धोखाधड़ी करके धनराशि ट्रांसफर कराई गई। विवेचना में सामने आया कि आरोपी अनस उर्फ अयान ने 20 जुलाई को अपने बैंक ऑफ इंडिया के खाते में 4,98,000 रुपये प्राप्त किए। उसी दिन उसने चेक संख्या 135403 से 4,87,000 रुपये नकद निकाले।
बैंक की सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को 20 जुलाई को दोपहर 13:20 बजे के बाद एक अन्य व्यक्ति के साथ धनराशि निकालते देखा गया। केस डायरी के साक्ष्य से अपराध में आरोपी की सक्रिय भूमिका सामने आई है।
बचाव पक्ष ने अदालत में कहा कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते में 4,98,000 रुपये स्थानांतरित किए थे। उस व्यक्ति ने बताया कि यह धनराशि गलती से आ गई थी, जिसके बाद आरोपी ने उसे वापस कर दी। अदालत ने जमानत प्रार्थनापत्र निरस्त कर दिया है।
