सफदरगंज। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर सफदरगंज के लक्षबर बजहा गांव के पास बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रही डीसीएम में घुस गई। हादसे में सचिवालय कर्मी समेत कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों के बाहर निकलने के कुछ देर बाद ही कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और डीसीएम का पिछला हिस्सा भी जल गया। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर अफरातफरी रही और यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस के अनुसार, देवरिया जिले के मदनपुर क्षेत्र के समोगर गांव निवासी अमितेश पाठक (40) सचिवालय में नौकरी करते हैं। वह अपने परिवार के युवक सुंदरमणि पाठक, आदित्य शाही, आशीर्वाद तिवारी और अर्मित उपाध्याय के साथ देवरिया से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान कार आगे चल रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवारों में चीख-पुकार मच गई। डीसीएम चालक मौके से भाग निकला।
गनीमत रही कि कार का दरवाजा खुल गया और घायल किसी तरह बाहर निकल आए। तब तक मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों को अस्पताल भेजने के कुछ देर बाद ही कार में आग की लपटें उठने लगीं। पुलिस कुछ कर पाती, इससे पहले ही कार आग का गोला बन गई। आग ने पास खड़ी डीसीएम के पिछले हिस्से को भी चपेट में ले लिया।
सूचना पर करीब 20 मिनट बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाकर डीसीएम को पूरी तरह जलने से बचाया। इस दौरान हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक अफरातफरी रही और यातायात प्रभावित हुआ। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन सभी घायलों को लेकर लखनऊ चले गए।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चालक को झपकी आने के कारण कार डीसीएम से टकराई। सीओ संगम कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से कार में आग लगने की बात सामने आई है। दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया।