शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hisar News:वीटा का घी 14 माह में 120 रुपये लीटर महंगा, दूध के रेट केवल 5 रुपये बढ़ाए – Vita Ghee Has Become Costlier By Rs 120 Per Litre Over 14 Months, While Milk Prices Have Been Increased By Only Rs 5
हिसार

Hisar News:वीटा का घी 14 माह में 120 रुपये लीटर महंगा, दूध के रेट केवल 5 रुपये बढ़ाए – Vita Ghee Has Become Costlier By Rs 120 Per Litre Over 14 Months, While Milk Prices Have Been Increased By Only Rs 5

November 19, 2026


हिसार। वीटा घी के दाम में पिछले 14 माह में 120 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हो गई है लेकिन पशुपालकों से दूध की खरीद के भाव में प्रति लीटर महज 5 रुपये बढ़ाए हैं। वीटा ने छह बार में 20-20 रुपये प्रति लीटर घी के दाम बढ़ाए हैं। पिछले साल सितंबर में घी का भाव 610 रुपये प्रति लीटर था जो अब 730 रुपये है। वीटा ने फुल क्रीम दूध के दाम में भी पिछले एक साल में 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं।

पिछले साल दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में कटौती की थी। घी पर जीएसटी कम होने से वीटा ने एक लीटर घी का भाव 630 रुपये से घटाकर सितंबर 2025 में 610 रुपये कर दिया। हालांकि महज एक सप्ताह बाद ही दोबारा दाम बढ़ाकर 630 रुपये कर दिए। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से दी गई छूट का लाभ उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच पाया। तब वीटा के अधिकारियों ने तर्क दिया कि बढ़ती लागत की भरपाई के लिए दाम बढ़ाए हैं। सितंबर 2025 से नवंबर 2026 के बीच वीटा ने छह बार में घी के दाम 120 रुपये बढ़ा दिए। यानी लगभग 19.67 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है।

दूध के भाव अपेक्षानुरूप नहीं बढ़े

दूध खरीद के भावों पर नजर डालें तो वीटा ने पिछले एक साल में केवल 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। ऐसे में पशुपालक दूध का खरीद भाव बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वीटा को दूध बेचने वाले गांव आर्यनगर निवासी सुरेश जांगड़ा ने कहा कि दूध के दाम घी के दामों में वृद्धि के अनुरूप नहीं बढ़े हैं। वीटा फैट के आधार पर दूध खरीदती है। 100 प्रतिशत फैट के आधार पर दूध का अधिकतम भाव 85 रुपये प्रति लीटर तक मिल सकता है। सामान्य तौर पर भैंस का दूध 60 से 65 रुपये प्रति लीटर के भाव पर ही बिक रहा है। वीटा की ओर से कुछ बोनस भी दिया जाता है, लेकिन मौजूदा बाजार भाव के मुकाबले भुगतान काफी कम है। बाजार में भैंस के दूध का भाव 70 से 80 रुपये प्रति लीटर तक है। सहकारी समिति यदि घी महंगा बेच रही है तो उसे पशुपालकों को भी दूध का उचित भाव देना चाहिए।

पशुपालकों का खर्च लगातार बढ़ रहा है। पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दामों में पिछले एक साल के दौरान काफी बढ़ोतरी हुई है। पशु चारा, खल और बिनौला समेत अन्य खाद्य सामग्री महंगी होने से दूध उत्पादन की लागत भी बढ़ गई है। वीटा दूध और घी के दाम लगातार बढ़ा रही है, लेकिन पशुपालकों को लाभ नहीं दे रही।

– संजीव मलिक, प्रधान, प्रोग्रेसिव मिल्क फार्मर एसोसिएशन, हिसार

सहकारी संस्थाओं को नो प्रॉफिट, नो लॉस के सिद्धांत पर चलाते हैं। दूध लगातार महंगा हो रहा है। दूध, कच्चा माल, किराया-भाड़ा आदि की लागत बढ़ने के कारण उत्पादों के दाम समय-समय पर संशोधित करने पड़ते हैं। बाजार में उपलब्ध अन्य ब्रांड के घी के मुकाबले वीटा के दाम अब भी कम हैं।

– अरविंद शर्मा, सहकारिता मंत्री, हरियाणा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X