Hardoi News:सर्दी बढ़ते ही बीपी की समस्या ने घेरा – As The Winter Progressed, The Problem Of Bp Surrounded
फोटो- 30- जनरल मेडिसिन विभाग के बाहर खड़े परामर्श लेने आए मरीज। संवाद
– उच्च रक्तचाप समेत शुगर के मरीजों की भी बढ़ी समस्या
– बीत एक सप्ताह में ओपीडी में 10 प्रतिशत हुई मरीजों की बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बढ़ती सर्दी के साथ ही बीपी और डायबिटीज मरीजों को सताने लगी है। इन दोनों समस्याओं से ग्रसित मरीज ओपीडी में अभी से ही करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं। पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी तक मरीजों की लाइन लगी हुई है। डाक्टरों का कहना है कि डायबिटीज को खासकर सर्दी में नियंत्रित न रखा गया तो इसका असर दिल के साथ दिमाग पर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
तापमान गिरने से रक्त वाहिनियां सिकुड़ने लगती हैं और कम पानी पीने से रक्त गाढ़ा होने से उसका प्रवाह भी प्रभावित होता है, इससे बीपी (उच्च रक्तचाप) की दिक्कत बढ़ना शुरू हो जाती है। इसके साथ ही शुगर के मरीज भी बढ़ने लगते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि नियमित चेकअप और उसके अनुसार दवाइयां लेने से खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज के जनरल मेडिसिन और एनसीडी क्लीनिक में इस समय बीपी और शुगर का चेकअप कराने वाले मरीजों की काफी संख्या है। बृहस्पतिवार को ओपीडी में कुल 1935 मरीज आए। दोनों विभागों में इसमें से 215 मरीज डायबिटीज और 155 लोग बीपी से पीड़ित आए। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विकास चंद्रा ने बताया कि दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की सर्दी के बीच इन बीमारियों से ग्रसित रोगियों को और भी ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है। ऐसे समय मरीजों को खास एहतियात बरतने की जरूरत होती है।
हार्ट अटैक और फालिज का खतरा भी बढ़ जाता
शुगर और बीपी के साथ जो लोग हृदयरोग से पीड़ित हैं, उन्हें इस मौसम में हार्ट अटैक का खतरा कई गुणा बढ़ जाता है। डॉक्टरों के अनुसार इस समय मरीज को नियमित तौर से जांच करानी चाहिए, क्योंकि कई बार मरीज की नसें पहले से ही काफी ब्लाकेज होती है और खून गाढ़ा होने से उसमे दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में रोगी फालिज और हार्टअटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। रोगी के खून को कितना पतला या गाढ़ा रखना है, यह जांच के बाद ही मालूम हो सकता है, क्योंकि दोनों ही स्थितियां घातक हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
सर्दियों में बाहर निकलना कम हो जाता है, इससे शारीरिक व्यायाम कम हो जाता है। इससे डायबिटीज के मरीजों के लिए शुगर संभालना मुश्किल हो जाता है। गरम और तैलीय भोजन का सेवन बढ़ने से खाने की चीजों में कैलोरी और फैट्स अधिक हो जाती है, जो डायबिटीज के मरीजों के लिए नुकसानदेह हो सकती हैं। सर्दी में शरीर को गर्म रखने के लिए ज्यादा खाने का मन करता है, इससे शुगर के स्तर बिगड़ सकता है। सर्दी में सूखी त्वचा का डायबिटीज के मरीजों पर इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इन्फ्लूएंजा और सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां आम हो जाती हैं, जिनसे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है।
