Hamirpur News:चेकिंग के दौरान खनिज टीम से मारपीट, ट्रक लेकर भागे दबंग – Assault On Minerals Department Team During Inspection; Miscreants Flee With Truck
महोबा। शहर में अवैध माैरंग परिवहन की जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम के साथ अभद्रता व मारपीट का मामला सामने आया है। लवकुशनगर तिराहा के पास माैरंग लदे ट्रक से रॉयल्टी और परिवहन संबंधी कागजात मांगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि कार से पहुंचे दबंगों ने खनिज टीम के चालक के साथ मारपीट की। बाद में जान से मारने की धमकी देकर टीम के कब्जे से ट्रक लेकर भाग गए। पुलिस ने दो नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खनिज कार्यालय में तैनात खनिज मोहर्रिर विनोद राजकमल ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम करीब सात बजे वह टीम के साथ लवकुशनगर तिराहे के पास वाहनों की जांच कर रहे थे।
कुम्हड़ौरा रोड से लाल माैरंग लदा ट्रक आया। चालक से रॉयल्टी व परिवहन संबंधी कागजात मांगे लेकिन उसने देने से इन्कार कर दिया। टीम ट्रक को पुलिस चौकी भटीपुरा ले जाने का प्रयास करने लगी। इस बीच ऑल्टो कार से पांच-छह लोग पहुंचे और अभद्रता शुरू कर दी।
आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम के चालक संतोष के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले में जितेंद्र, शिवम पाठक और चार अज्ञात लोगों पर मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
